logo

CM केजरीवाल ने 10 लाख देने की घोषणा की, जिंदगी और मौत से जूझ रही बच्ची का एम्स में चल रहा है इलाज, स्थिति गंभीर

681news.jpg
द फॉलोअप टीम: दिल्ली में एक बार फिर निर्भया जैसी वीभत्स घटना को अंजाम दिया गया है। दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में मूल रूप से बिहार की रहनेवाली  13 साल की बच्ची के साथ जिस तरह की हैवानियत की गयी है, वह मानवता को शर्मसार करनेवाली है। बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के दौरान विरोध करने पर कैंची से उसके सिर और शरीर को बुरी तरह से गोदा गया है। अभी वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने बच्ची के साथ हुई हैवानियत के दुष्कर्मी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। 

दुष्कर्मी मरा समझ कर फरार हो गया
दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट के पीरागढ़ी में हुए दुष्कर्म का बच्ची ने पुरजोर विरोध किया, लेकिन उसकी एक न चली। दुष्कर्मी ने विरोध करने पर बच्ची के सिर पर कैंची से भरपूर वार किया। हैवानियत की हद देखिए कि बच्ची के शरीर के बाकी हिस्सों को भी बुरी तरह से गोद डाला। घटना के बाद बच्ची खून से लथपथ थी। दुष्कर्मी उसे मरा हुआ समझकर वहां से फरार हो गया। बच्ची खून से सने होने के बावजूद खुद को घसीटते बाहर आई और कराहते हुए पड़ोसी से घटना की जानकारी दी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद आनन-फानन में दिल्ली के एम्स अस्पताल में बच्ची को भर्ती कराया गया। वहीं उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। 

भाजपा ने वित्तीय मदद का भरोसा दिया
सूचना मिलते ही दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पीड़ित बच्ची से मिलने अस्पताल गए और परिजनों को मदद का भरोसा देते हुए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। सीएम केजरीवाल ने आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही भाजपा ने भी वित्तीय मदद का भरोसा दिया है। विरोध स्वरूप  कांग्रेस ने केजरीवाल को काले झंडे दिखाए हैं। महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि लड़की के पूरे शरीर में फ्रैक्चर और चोट के गहरे निशान भरे पड़े हैं।  

पुलिस ने आरोपी की पहचान का खुलासा करने से किया इंकार
इस घटना जांच शुरू होने के बाद दिल्ली पुलिस अफसर ने शिनाख्त तक आरोपी के नाम और पहचान का खुलासा करने से इनकार किया। उनका कहना है कि जेल से छूटने के बाद पास के पार्क में ही आरोपी ठहरता था। वारदात के समय वह नशे में धुत था। पुलिस का दावा है कि आरोपी मंगलवार दोपहर को चोरी के इरादे से कमरे में घुसा था। कमरे में अकेली बच्ची ने जब उसे टोका और शोर मचाने की कोशिश की तो उसने दबोच लिया। आरोपी ने नशे में बेरहमी से लड़की पर कैंची से ताबड़तोड़ वार किए। उसे मरा हुआ समझकर फरार हो गया।

आरोपी युवक कई बार जा चुका है जेल 
बच्ची के साथ दरिंदगी के मामले में पुलिस ने हत्या की कोशिश और पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह पूरी घटना मंगलवार की शाम का है। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई। जॉइंट सीपी (वेस्टर्न रेंज) की शालिनी सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान 33 साल के कृष्णा के रूप में की गई है। इससे पहले वह कई हत्याओं, हत्या की कोशिश और सेंधमारी जैसे मामलों कई बार जेल जा चुका है। 

मूल रूप से बिहार की रहनेवाली है पीड़िता 
बता दें कि बच्ची परिवार के साथ पीरागढ़ी में किराए पर रहती है। परिवार मूल रूप से बिहार का रहनेवाला है। जिस कमरे में परिवार रहता है, इस इलाके में अधिकतर आसपास की फैक्ट्रियों में लेबर का काम करते हैं। बच्ची के परिवार में माता-पिता और एक बड़ी बहन है। माता-पिता फैक्ट्री में लेबर का काम करते हैं। वहीं बड़ी बहन भी काम करती है। लगभग रोजाना वह बच्ची अपने कमरे में अकेली रहती है।