logo

छह दिन से 20 हज़ार एंबुलेंस चालक हड़ताल पर, सरकार को नहीं पड़ रहा कोई फर्क!

छह दिन से 20 हज़ार एंबुलेंस चालक हड़ताल पर, सरकार को नहीं पड़ रहा कोई फर्क!

द फॉलोअप टीम, लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में क़रीब बीस हज़ार एंबुलेंस चालक छह दिन से हड़ताल पर हैं। पांच हज़ार से ज़्यादा एंबुलेंस सभी ज़िलों में खड़ी हैं। सरकार कर्मचारियों की बातों पर विचार करने के बजाय एंबुलेंस संचालन के दूसरे विकल्पों को तलाश रही है। राज्य में तीन एंबुलेंस सेवाएं 108 नंबर, 102 नंबर और एएलएस संचालित होती हैं। एएलएस एंबुलेंस सेवा देने वाली पुरानी कंपनी का टेंडर ख़त्म होने के बाद सरकार ने नई कंपनी को टेंडर दिया है। जिस पर कर्मचारियों का आरोप है कि नई कंपनी उन्हें नौकरी से हटा रही है और फिर नए सिरे से भर्ती कर रही है। कर्मचारी अपनी मांगो को लेकर एक हफ़्ते से लखनऊ के ईको गार्डन में धरने  वहीं सरकार ने कर्मचारियों के ख़िलाफ़ सख्त रवैया दिखाते हुए उन्हें कंपनी से निकालने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। 570 कर्मचारियों को दो दिन पहले ही निकाल दिया गया है। 

मांग नहीं हुई पूरी तो हड़ताल जारी 
एंबुलेंस संघ के पदाधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं पूरी होगी तब तक वह हड़ताल पर रहेंगे। एक धरना प्रदर्शनकारी कहते है कि "जनता की परेशानियों को देखकर कई जगह हम लोग एंबुलेंस चला रहे हैं। सारे ज़िलों में वहां की संख्या के हिसाब से कुछ स्टाफ़ मौजूद है ताकि इमर्जेंसी सेवाएं बाधित न होने पाएं लेकिन सरकार और एंबुलेंस संचालन करने वाली कंपनी हम लोगों को लगातार धमका रही हैं और हड़ताल ख़त्म करने का दबाव बना रही हैं। " 
"नई कंपनी ने हमारे साथ मौखिक रूप से समझौता किया था कि बीस हज़ार रुपये हम लोगों को नहीं देने होंगे और हमें वो नौकरी पर रखेंगे, लेकिन बाद में कंपनी इस समझौते से मुकर गई. हमारे नेताओं को जेल भेज दिया गया है। यूनियन के अध्यक्ष हनुमान पांडेय का पता ही नहीं चल रहा है कि वो उन्हें कहां रखा गया है। " कर्मचारियों को सबसे ज़्यादा पीड़ा इस बात की है कि कोरोना काल में अपनी और अपने परिवार की जान की परवाह न करते हुए एंबुलेंसकर्मियों ने अपना कर्तव्य निभाया और उसके बाद उन्हें नौकरी से निकाला जा रहा है। 


क्या कहते है मुख्यमंत्री 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि एंबुलेंस सेवा किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। एंबुलेंस सेवाएं बाधित करने की स्थिति में मुख्यमंत्री ने संबंधित एंबुलेंस सेवा प्रदाता के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।  राज्य सरकार कह रही है कि इमर्जेंसी सेवाओं का सुचारू रूप से जारी है। लेकिन एंबुलेंस के लिए भटकते और दम तोड़ते मरीजों की ख़बरें पूरे राज्य  में चल रही है। 

यूनियन के नेता ने उकसाया है 
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह कर्मचारी संघ के नेताओं को दोषी ठहरा रहे हैं।  उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा है "यूनियन के नेताओं ने कर्मचारियों को उकसाया है ताकि नई कंपनी को कोई मैनपॉवर न मिले। जीवीके के मालिकों को भी नोटिस भेजा है कि कंपनी का पेमेंट रोक दिया जाएगा और उनके एग्रीमेंट को भी टर्मिनेट कर देंगे। उसके बाद जीवीके ने अपने 11 कर्मचारियों को बर्ख़ास्त कर दिया, कुछ के ख़िलाफ़ एफ़आईआर भी की गई है।  ज़िला प्रशासन से कह दिया गया है कि हड़ताली कर्मचारियों से एंबुलेंस की चाबियां लेकर उन्हें संचालित करने की व्यवस्था कराएं। " 

क्या कर रहा है प्रशासन 
लखनऊ में भी ज़िला प्रशासन ने हड़ताल कर रहे एम्बुलेंस ड्राईवरों से गाडियाँ लेकर लालबाग गर्ल्स कॉलेज में जमा करा ली हैं। जहां बड़ी संख्या में एंबुलेंस खड़ी हैं। कुछ जगहों पर रोडवेज कर्मचारियों की मदद से एंबुलेंस चल रहा है लेकिन यह ज़्यादा दिनों के लिए संभव नहीं है। राज्य के ही एक डॉक्टर सुरेश किशोर कहते हैं कि सरकारी एंबुलेंस की ज़रूरत गरीबों को होती है और हड़ताल से सबसे ज़्यादा नुक़सान गरीबों को ही हो रहा है। सक्षम लोग निजी अस्पताल जाते हैं। निजी अस्पताल के पास अपनी एंबुलेंस होती हैं। ऐसे में सरकारी एंबुलेंस सेवाओं के ठप रहने का उन पर कोई असर नहीं होगा। इसलिए  हड़ताली कर्मचारियों को काम पर वापस लाने की कोई ख़ास कोशिश नहीं की जा रही है।