द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
देश में भले बीजेपी (BJP) की सरकार है। लेकिन पश्चिम बंगाल में टीएमसी (TMC) का पल्ला भारी है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद उपचुनाव में भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। उपचुनाव में टीएमसी को 75 फीसदी वोट हासिल हुए। विधायक से लेकर सांसदों के दल-बदल और अंदरूनी कलह से जूझ रही बीजेपी बंगाल में अर्श से फर्श तक कैसे पहुंची, जानिए पूरी कहानी-

चारों सीटों पर टीएमसी ने जीत दर्ज की
पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने सभी सीटों पर अपने दीये जला दिए हैं। चारों सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की है। गोसाबा, खरदाह और शांतिपुर सीटों पर टीएमसी ने परचम लहराते हुए 74.99 फीसदी वोट बटोरा है। इसका मतलब टीएमसी ने बीजेपी के खाते से दिनहाटा और शांतिपुर सीटें भी छीन लीं।

शांतिपुर और दिनहाटा भी नहीं बचा पाई बीजेपी
पश्चिम बंगाल में BJP शांतिपुर और दिनहाटा दो सीटों पर मौजूद थी। लेकिन इस उपचुनाव के बाद अब BJP के पास वह भी नहीं बची। दिनहाटा में टीएमसी के उदयन गुहा ने बीजेपी के अशोक मंडल को 1,64,089 वोटों से हराया। वहीं शांतिपुर की बात करें तो टीएमसी के ब्रज किशोर गोस्वामी ने बीजेपी के निरंजन विश्वास को रिकॉर्ड 64,675 मतों से हराया। साथ ही गोसाबा में टीएमसी ने 1,43, 051 वोटों के अंतर से बीजेपी को हराया और खारदाह में 93,832 वोटों से बीजेपी को हार का सामना करना पडा।

पिछले दो चुनाव से बीजेपी का वोट हल्का
बीजेपी को इस बार उपचुनाव में 14.50 फीसदी वोट मिले जो कि पिछले दोनों चुनाव (2021 विधानसभा चुनाव और 2019 लोकसभा चुनाव) के मुकाबले बेहद कम हैं। मार्च-अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 38.09 फीसदी वोटों के साथ 77 सीट हासिल किया था जबकि 2019 लोकसभा चुनाव में 18 सीटों के साथ 40.7 फीसदी मत हासिल किए थे। इस बार बीजेपी का वोट प्रतिशत घटकर मात्र 14.50 फीसदी रह गया है।
बीजेपी के कई नेताओं ने छोडा बीजेपी को
दरअसल विधानसभा चुनाव के बाद से ही राज्य में बीजेपी का खात्मा शुरू हो गया था। धीरे-धीरे एक के बाद एक कई नेताओं ने बीजेपी छोड टीएमसी का दामन थाम लिया। मुकुल रॉय से लेकर बाबुल सुप्रियो टीएमसी में शामिल हो चुके हैं। दो दिन पहले ही राजीब बनर्जी ने भी तृणमूल कांग्रेस में घरवापसी कर ली है। वह ममता सरकार में मंत्री रह चुके हैं लेकिन इस साल विधानसभा चुनाव से पहले वह बीजेपी में आ गए थे। इनके अलावा सब्यासाची दत्ता ने भी पिछले महीने टीएमसी में घरवापसी कर ली है।

पश्चिम बंगाल में टीएमसी के मुकाबले दूर-दूर तक कोई नहीं
पश्चिम बंगाल में टीएमसी का वोट फीसदी लगातार बढ़ रहा है। 2021 विधानसभा चुनाव में टीएमसी को 47.93 फीसदी वोट मिले जबकि 2019 लोकसभा में उसे 43.3 फीसदी वोट मिले। उपचुनाव में टीएमसी का वोट फीसदी 75 पार पहुंच गया है। बीजेपी समेत कांग्रेस और सीपीआई भी टीएमसी से काफी पीछे हैं। सीपीआई को 7.28 फीसदी वोट जबकि कांग्रेस को 0.37 फीसदी वोट ही मिले। टीएमसी के विधायकों की संख्या भी बढ़कर 217 हो गई है।

हार पर कैलाश विजयवर्गीय ने क्या कहा
उपचुनाव में मिली हार पर बीजेपी के बंगाल प्रभारी और पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की प्रतिक्रिया सुर्खियों में हैं। विजयवर्गीय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी तलवार के बल पर दूसरे दलों के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर रही है। उन्होंने इस्लाम से टीएमसी की तुलना करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि देश में इस्लाम भी इसी तरह आया था। विजयवर्गीय ने कहा कि 'जो लोग तृणमूल में जा रहे हैं वे तलवार के बल पर जा रहे हैं। इस्लाम भी देश में इसी तरह आया था। मुझे लगता है कि ये दोनों घटनाएं एक जैसी हैं।'
