द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
भारत कोरोना की दूसरी लहर से जूझ रहा है। पिछले कई दिनों से रोजाना 3 लाख से ज्यादा कोरोना मरीज सामने आ रहे हैं। तकरीबन 3 हजार लोगों की मौत रोजाना हो रही है। कोरोना संक्रमण को रोकने के तमाम उपाय किये जा रहे हैं। नाईट कर्फ्यू लगाया गया है। कहीं धारा-144 लगाई गयी है। किसी-किसी शहर में वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है। किसी राज्य ने एक सप्ताह के लॉकडाउन की घोषणा की है। इस बीच सवाल उठ रहा है कि इस वक्त क्या लॉकडाउन की एकमात्र विकल्प है।
देश के 150 जिलों में स्थिति काफी गंभीर
जानकारी के मुताबिक देश के 150 जिलों में स्थिति काफी गंभीर है। इन जिलों में कोरोना के सर्वाधिक मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक प्रस्ताव तैयार किया है। सिफारिश की गयी है कि जिन जिलों में भी 15 फीसदी से ज्यादा संक्रमण की दर है वहां पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया जाये। सिफारिश की गयी है कि इस दौरान उन जिलों में मेडिकल, राशन और सब्जी जैसी बेसिक सुविधा की चीजों को ही खुला रखा जायेगा बाकी सबकुछ बंद किया जाये। स्वास्थ्य मंत्रालय का मानना है कि उन जिलों में कुछ हफ्तों के लॉकडाउन से कोरोना संक्रमण का चेन टूटेगा।
पूर्ण लॉकडाउन पर हो सकता है बड़ा फैसला
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सिफारिश पर आखिरी फैसला केंद्र सरकार को लेना है। जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन पर कोई भी फैसला लेने से पहले पीएम मोदी राज्यों के साथ चर्चा करना चाहेंगे। राज्यों में कोरोना की स्थिति, कोरोना से निपटने के उनके इंतजाम और तैयारी के आधार पर ही कोई फैसला किया जायेगा। विशेषज्ञों का भी ये मानना है कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर जिस तरीके से लोगों को नुकसान पहुंचा रही है, अब लॉकडाउन की एकमात्र विकल्प रह गया है। झारखंड सहित कई राज्यों में 1 सप्ताह का लॉकडाउन लगाया जा चुका है।
पीएम मोदी की अधिकारियों संग बैठक
जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी ने मंगलवार को वरीय विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की थी। बैठक में प्रधानमंत्री ने ऑक्सीजन के बढ़ते उत्पादन के विषय में जानकारी हासिल की। बैठक में पीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएसए ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कीजिये। देश को इस वक्त सबसे ज्यादा जरूरत ऑक्सीजन की है। अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी की वजह से लोग दम तोड़ रहे हैं।