logo

दिल्ली के 80 फीसदी प्रदूषित पानी ने यमुना को बनाया जहरीला, केंद्रीय मंत्री का बयान

दिल्ली के 80 फीसदी प्रदूषित पानी ने यमुना को बनाया जहरीला, केंद्रीय मंत्री का बयान

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

बीते कुछ दिनो से सोशल मीडिया में यमुना नदी की तस्वीरें घूम रही है। यमुना नदी की इन तस्वीरों के पहली बार देखने पर ये भ्रम होता है कि जैसे यहां बर्फ के टुकड़े तैर रहे हों, लेकिन ये झाग है। केमिकल से निकला जहरीला झाग। हैरानी की बात है कि लोग इन झाग के बीच डुबकी लगा रहे हैं। छठ को लेकर नहाय खाय की शुरुआत भी इसी झागवाले पानी के बीच की गई। हालात बद से बदतर हो चुका है। यमुना नदी जल प्रदूषण की समस्या से जूझ रही है। 

व्रतधारियों को हो रही है खासी मुश्किल
दिल्ली में यमुना नदी में प्रदूषित पानी की वजह से छठ पूजा की व्रतधारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के सांसदों से लेकर यूपी और हरियाणा के नेता भी लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। दिल्ली सरकार पर लगातार आरोप लग रहा है कि वो समस्या से ठीक ढंग से नहीं निपटी। अब मामले में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का भी बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। 

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आरोप
गजेंद्र सिंह शेखावत ने यमुना की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यमुना की सफाई नहीं कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार ने भगवान भास्कर औऱ छठी मईया को लेकर करोड़ों लोगो के मन में सदियों से जो आस्था संचित है, उसका अपमान किया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल इस पाप की भागीदारी से नहीं बच सकते। 

मुख्यमंत्री केजरीवाल पर साधा निशाना
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि ये कहना कि दूसरे राज्यों से गंदा पानी आकर यमुना में गिरता है, ये जिम्मेदारी से भागने वाला बयान है। मुख्यमंत्री केजरीवा को बताना चाहिए कि यमुना में रोज गिरने वाली दिल्ली की गंदगी को रोकने के लिए उन्होंने क्या किया। शेखावत ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों में जाकर झूठे दावे करते हैं। मिस्टर क्लीन बनने की कोशिश करते हैं लेकिन उनको इससे बचना चाहिए। 

यमुना के प्रदूषण से निपटने के वित्तीय सहायता
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि यमुना का महज 2 फीसदी यानी 22 किमी का हिस्सा दिल्ली क्षेत्र में आता है लेकिन प्रदूषण का 80 फीसदी हिस्सेदारी दिल्ली की है। दिल्ली के तकरीबन 18 बड़े नालों का 35 करोड़ लीटर से अधिक गंदा पानी यमुना में रोज आकर मिलता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यमुना की दिल्ली क्षेत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार को विशेष वित्ती सहायता प्रदान भी की है, लेकिन कब इस्तेमाल होगा।