logo

हिरासत में लिए गए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, सीएम उद्धव ठाकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

हिरासत में लिए गए केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, सीएम उद्धव ठाकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

द फॉलोअप टीम, मुंबई: 

 

केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को महाराष्ट्र के चिपलुन से हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है। नारायण राणे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। मामला सोमवार का है। आरोप है कि नारायण राणे ने सीएम उद्धव ठाकरे को थप्पड़ मारने की बात कही। इस मामले को लेकर महाराष्ट्र में सियासी उबाल आ गया है। बीजेपी और शिवसेना समर्थक आमने-सामने हैं। 

 


महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के बीच जारी सियासी संग्राम अब हिंसक झड़पों में तब्दील हो गया है। शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। मुंबई और पुणे सहित महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में बीजेपी कार्यकर्ता शिवसेना तो शिवसेना कार्यकर्ता बीजेपी के कार्यालय पर पथराव करते नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र की सियासत में वाक्कयुद्ध के बाद थप्पड़ की एंट्री होने के बाद से ही माहौल गर्माया हुआ है। 

 

शिवसेना-बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
मंगलवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। दरअसल, शिवसेना कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के आवास तक मार्च निकाला और उसे घेर लिया था। दरअसल केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया था। नारायण राणे ने उद्धव ठाकरे को थप्पड़ मारने की बात कही थी। गौरतलब है कि कभी महाराष्ट्र की सियासत में ताज की साझेदार रही बीजेपी और शिवसेना मुख्यमंत्री कौन के सवाल पर टूट गई। वर्षों पुराना गठबंधन बीते विधानसभा चुनाव के बाद खत्म हो गया। 

शिवसेना सांसद ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी
महाराष्ट्र में जारी सियासी संग्राम के बीच शिवसेना के सांसद विनायक राउत ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में विनायक राउत ने पीएम से मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर नारायण राणे द्वारा की गई टिप्पणी की जिक्र किया। विनायक राउत ने प्रधानमंत्री से नारायण राणे को मंत्रिपद से हटाने की मांग की है। इधर शिवसेना कार्यकर्ताओं के एक समूह ने नासिक में बीजेपी पार्टी कार्यालय पर पथराव किया। कार्यकर्ताओं ने नारायण राणे के खिलाफ बी नारेबाजी की। 

 

नारायण राणे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई
मिली जानकारी के मुताबिक शिवसेना ने नासिक में एक प्राथमिकी भी दर्ज करवाई है। नासिक के पुलिस कमिश्नर दीपक पांडे ने बताया कि शिवसेना नासिक के प्रमुख ने सोमवार रात को प्राथमिकी दर्ज करवाई है। प्राथमिकी में कहा है कि सीएम के खिलाफ नारायण राणे द्वारा की गई टिप्पणी से उनको दुख पहुंचा है। शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नासिक साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। पुलिस कमिश्नर दीपक पांडे ने कहा कि मामला गंभीर है। केंद्रीय मंत्री को हिरासत में लेने के लिए टीम भेजी गई है। वे जहां भी होंगे वहीं से उनको कोर्ट में पेश किया जायेगा। पुलिस कोर्ट के निर्देश और फैसले का पालन करेगी। 

 

नारायण राणे की उद्धव ठाकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी
गौरतलब है कि मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के खिलाफ शहर के चतुरशृंगी पुलिस स्टेशन में भी प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। शिव सेना की युवा विंग द्वारा नारायण राणे के खिलाफ उद्धव ठाकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। नारायण राणे के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 और 505 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।