द फॉलोअप टीम, लखीमपुर खीरी:
लखीमपुर हिंसा से उपजी सियासी गहमा-गहमी थमने का नाम नहीं ले रही। अब संयुक्त किसान मोर्चा ने ऐलान किया है कि लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में भड़की हिंसा में 4 किसानों की मौत के विरोध में 12 अक्टूर को यूपी के सभी जिलों में कलश यात्रा निकाली जाएगी। 18 अक्टूबर को रेल रोको आंदोलन होगा और 26 अक्टूबर को लखनऊ में महापंचायत होगी। गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी में भड़की हिंसा में 4 किसानों सहित 8 लोगों की मौत हो गई थी।
बीजेपी कार्यकर्ताओं की मौत पर राकेश टिकैत
लखनऊ में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने बड़ा बयान दिया। हिंसा में 3 बीजेपी कार्यकर्ताओं की मौत पर राकेश टिकैत ने कहा कि वो हत्या नहीं थी। इसे किसी प्लानिंग के तहत अंजाम नहीं दिया गया। किसानों का इरादा किसी की हत्या करने का नहीं था। वो केवल एक क्रिया के विपरित प्रतिक्रिया थी। राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों की नहीं सुन रही है। किसानों की भावना का सम्मान नहीं किया जा रहा है। उन पर जबर्दस्ती एक कानून थोप दिया गया है। हम लगातार इसका विरोध करते रहेंगे।

आरोपी आशीष मिश्रा की नहीं की गई गिरफ्तारी!
इस बीच शनिवार की सुबह लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में आरोपी आशीष मिश्रा ने लखनऊ स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में हाजिरी लगाई। वहां क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने पूछताछ भी की। हालांकि केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी की गई है या नहीं, इसकी कोई पुष्ट जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि मामले में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आशीष मिश्रा के खिलाफ हिंसा में शामिल होने का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया जाये। एसआईटी फिलहाल जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।
3 अक्टूबर में लखीमपुर खीरी में भड़की थी हिंसा
गौरतलब है कि रविवार 3 अक्टूबर को यूपी के लखीमपुर जिला स्थित तिकुनिया बस्ती में भड़की हिंसा में 8 किसानों की मौत हो गई थी। आरोप है कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर घर लौट रहे किसानों पर केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा के काफिले में शामिल गाड़ियां चढ़ गई थी। इसमें 4 किसानों की मौत हो गई थी। किसानों की मौत के बाद भड़की हिंसा में और 4 लोगों की मौत हो गई थी। लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस पार्टी के नवजोत सिंह सिद्धू लखीमपुर में भूख हड़ताल पर बैठे हैं।