द फॅालोअप टीम, आगरा:
"हरियाणा और पंजाब तो बेकार ही बदनाम हैं, आओ कभी उत्तर प्रदेश में, रंगबाजी क्या होती है, आओ हम तुम्हें बताते हैं, यूपी में तो पांच-पांच साल के लौंडे कट्टा चलाते हैं"। ये डायलॉग और संवाद पर लिप्सिंग करती यूपी पुलिस की महिला कांस्टेबल का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। मामला इतना ज्यादा बढ़ा कि महिला कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया।
इंस्टाग्राम पर हिट हो गईं कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा
इंस्टाग्राम रील के माध्यम से ये वीडियो बनाने वाली महिला कांस्टेबल का नाम प्रियंका मिश्रा है। प्रियंका मिश्रा का इंस्टाग्राम अकाउंट खंगालने पर ऐसे कई वीडियो मिलते हैं जहां ये महिला कांस्टेबल फिल्मी डायलॉग पर एक्टिंग करती नजर आ रही हैं। हालांकि उनका ये स्वैग वाला अंदाज उनके लिए काफी महंगा साबित हुआ है। बात नौकरी तक पहुंच गई है।
कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा को लाइन हाजिर किया गया
इंटरनेट मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद महिला कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया गया था लेकिन उनका ये वीडियो सुर्खियों में आ चुका है। प्रियंका मिश्रा के अकाउंट पर व्यूअर्स और फालोअर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। दो दिन में फालोअर्स की संख्या दोगुनी के करीब पहुंच गई है। फॉलोअर्स बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं।

प्रियंका मिश्रा का विवादित वीडियो हटा दिया गया
इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाने की शौकीन प्रियंका के और भी कई वीडियो हैं। जिस वीडियो को लेकर वो सुर्खियों में आई हैं, वो अब डिलीट किया जा चुका है। ये पहला मामला नहीं है जब कोई पुलिसकर्मी टिकटॉक या इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने को लेकर लाइन हाजिर हुआ हो। कई मामले यूपी के ही हैं जहां पुलिसकर्मियों को वीडियो की वजह से फजीहत झेलनी पड़ी।