द फॉलोअप टीम, देहरादून:
शुक्रवार से ही जारी सियासी अटकलों के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इस्तीफा दे दिया। राज्य में फिर से संवैधानिक संकट पैदा हो गया है। तीरथ सिंह रावत के बाद उत्तराखंड का मुख्यमंत्री कौन होगा इस पर विचार करने के लिए शनिवार को दोपहर उत्तराखंड बीजेपी पार्टी विधायक की बैठक करेगी। मिली जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में ये बैठक होगी। इस बार इतना तय है कि किसी विधायक को ही मुख्यमंत्री बनाया जाएगा ताकि फिर से कोई संकट ना खड़ा हो।
तीरथ सिंह रावत ने प्रेस वार्ता में गिनाई थीं उपलब्धि
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शुक्रवार को तीरथ सिंह रावत ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। उसके 48 घंटों के भीतर तीरथ सिंह रावत ने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने से पहले तीरथ सिंह रावत ने प्रेस वार्ता भी की थी जिसमें उन्होंने अपने 4 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई थीं। बता दें कि बीते 10 मार्च को पौड़ी गढ़वाल से सांसद तीरथ सिंह रावत को त्रिवेंद्र सिंह रावल की जगह मुख्यमंत्री बनाया गया था। नियम के मुताबिक उनको मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए आगामी 9 सितंबर से पहले विधानसभा की सदस्यता लेनी थी। हालांकि कोरोना महामारी की वजह से निकट भविष्य में उत्तराखंड में उपचुनाव की तारीखों का एलान करना मुश्किल था। तीरथ सिहं रावत के पास इस्तीफा देने के अलावा और कोई उपाय नहीं था। उत्तराखंड में विधानसभा का चुनाव 2022 में होना है।
उत्तराखंड में किस तरह का संवैधानिक संकट था
अब उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष मदन कौशिक के आवास पर दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर विचार किया जाएगा। उत्तराखंड बीजेपी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों को इस बैठक में शामिल रहने को कहा गया है। इस मीटिंग में बतौर केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद रहेंगे। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष मदन कौशिक ने साफ तौर पर कहा है कि मीटिंग का एजेंडा उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री का चुनाव होगा। किसी विधायक को ही ये जिम्मेदारी दी जायेगी।
क्या बीजेपी विधायक तीरथ सिंह रावत से नाराज थे!
तीरथ सिंह रावत को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही थी। पहले ये कहा जा रहा था कि उत्तराखंड में बीजेपी के विधायकों और रावत के बीच मतभेद था। इस बीच किसी वरिष्ठ नेता ने केंद्रीय आलाकमान के सामने विधायकों के समर्थन का दावा पेश किया था। तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से बातचीत भी किया था। वहीं एक वरिष्ठ बीजेपी नेता ने कहा कि चुनाव आयोग कोरोना की वजह से राज्य में उपचुनाव करवाने के पक्ष में नहीं था इसलिए रावत के पास इस्तीफा देने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था।