logo

विनोद सिंह ने उठाया रांची में प्रदर्शन स्थल का सवाल, कहा कोई और जगह दी जाए

5982news.jpg
द फॉलेअप टीम,रांची:
रांची में अभी तक एक तय धरना स्थल नहीं था, जिस वजह से प्रदर्शन करने वाले लोगों को काफी समस्या होती थी। तय स्थल नहीं होने की वजह से प्रदार्शनकारी कभी मोरहाबादी कभी बिरसा चौक तो कभी राजभवन के सामने प्रदर्शन करने को बैठे रहते थे। इस वजह से कभी जाम लग जाता था तो कभी लाठीचार्ज जैसी समस्या जिला प्रशासन के सामने आ जाती थी। जिला प्रशासन ने नए विधानसभा भवन के पास पुंदाग साईं मंदिर के सामने मैदान को इसके लिए तय किया है। शहर से काफी दूर रहने के सबब इसका विरोध किया जा रहा है। यह विरोध अब विधानसभा तक पहुंच गया है। माले से बगोदर के विधायक विनोद सिंह ने सदन में कहा है कि राज्य सरकार ने प्रदर्शन के लिए जो जगह दी है, वो शहर से बहुत दूर है। वहां किसी तरह की सुविधा नहीं है। राज्य सरकार कोई और विकल्प दे।

आंदोलन से बनती तो गिरती भी है सरकार
विनोद सिंह ने कहा कि सरकारें आंदोलन से बनती है, तो गिरती भी आंदोलन से हैं। सदन के भीतर भी कई लोग खुद को और अपनी पार्टी को आंदोलन से जन्मा बताते हैं। लेकिन अलग-अलग मुद्दों पर राज्य के कोने-कोने से अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने आने वाले लोगों के लिए व्यवस्था सही नहीं है। 

मोदी ने देश को बर्बाद किया: उमाशंकर अकेला
इधर, कांग्रेस के विधायक उमाशंकर अकेला ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि लॉकडाउन लागू कर पीएम मोदी ने देश को बर्बाद कर दिया। 15 लाख का क्या हुआ। 2 करोड़ नौकरी का क्या हुआ। देश को भाजपा ने बेचने का काम किया है। विपक्ष में बैठे भाजपा के लोगों को बोलने का अधिकार नहीं है। राज्यक की गठबंधन सरकार अपने वादों पर खरा उतरेगी।

अकेला के बयान पर हुआ विवाद 
अकेला ने जब कहा कि पीएम मोदी भारत में कोरोना लेकर आए। इस बयान पर भाजपा विधायकों का हंगामा शुरू हो गया। सभी वेल में पहुंच गए। इसके बाद बजट पर चल रही चर्चा को बीच मे छोड़कर सभी वाकआउट कर गए।