द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात होने वाली है। लेकिन उससे पहले ही उन्होंने एक बड़ा झटका दिया है। दिल्ली जाने से पहले उन्होंने पेगासस की जांच के लिए आयोग का गठन कर दिया। इस जांच की जिम्मेदारी कलकत्ता हाइकोर्ट के रिटायर्ड चीफ जस्टिस ज्योतिर्मय भट्टाचार्य और सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस मदन बी लोकुर को मिली है। इस तरह से पश्चिम बंगाल पहला राज्य बन गया है, जहां पेगासस की जांच के लिए टीम गठित हुआ है।
ममता बोलीं, जासूसी का क्या उद्देश्य
ममता बनर्जी ने कहा कि जांच से ही यह बात सामने आएगी की आखिर यह स्पाईवेयर कैसे काम करता था। इससे किसकी जासूसी हुई और कैसे करायी गयी। आखिर जासूसी का उद्देश्य क्या था। उन्होंने कहा केंद्र सरकार इसपर जांच नहीं करा रही है। लेकिन उनकी सरकार ने एक छोटी सी पहल की है, ताकि बाकी राज्य भी कर सकें। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं जांच टीम से आग्रह करूंगी कि वे जल्द से जल्द जांच शुरू कर दें, ताकि सच बाहर आ सके। उन्होंने कहा कि बंगाल में कई पार्टियों के नेताओं के फोन टेप किये गये हैं।

वॉटरगेट से ज्यादा खतरनाक बताया
बता दें कि इस मामले में ममता बनर्जी और टीएमसी शुरू से ही आक्रामक रही है। ममता बनर्जी ने पेगासस स्पाईवेयर की तुलना अमेरिका के वॉटरगेट से की थी। उन्होंने कहा था कि पेगासस का इस्तेमाल कर सुप्रीम कोर्ट के जजों, पत्रकारों, नेताओं और अन्य की जासूसी कराने का प्रकरण अमेरिका में रिचर्ड निक्सन के शासनकाल में सामने आए ‘वॉटरगेट’ प्रकरण से भी अधिक खतरनाक है।
पीएम और राष्ट्रपति से करेंगी मुलाक़ात
बता दें कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज से दिल्ली दौरे पर हैं। उन्होंने कोलकाता एयरपोर्ट से फ्लाइट ली। मुख्यमंत्री 2-3 दिन दिल्ली में रहेंगी। यहां वे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा विपक्षी दलोंं के कई प्रमुख नेताओं से मुलाकात करेंगी। इनकी यात्रा के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।