logo

तीनों कानूनों की वापसी पर क्या कहा प्रियंका गांधी ने .....योगी आदित्यनाथ ने क्या किया ट्वीट

तीनों कानूनों की वापसी पर क्या कहा प्रियंका गांधी ने .....योगी आदित्यनाथ ने क्या किया ट्वीट

द फॉलोअप टीम, दिल्लीः 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों कानूनों को निरस्त करने का फ़ैसला किया है। ऐसे में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी का बयान सामने आना बेहद जरूरी माना जा रहा था। पीएम मोदी के घोषणा के तुरंत बाद ही प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा- 600 से अधिक किसानों की शहादत, 350 से अधिक दिन का संघर्ष, बीजेपी के मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल कर मार डाला, आपको कोई परवाह नहीं थी। आपकी पार्टी के नेताओं ने किसानों का अपमान करते हुए उन्हें आतंकवादी, देशद्रोही, गुंडे, उपद्रवी कहा, आपने खुद आंदोलनजीवी बोला उन पर लाठियाँ बरसायीं, उन्हें गिरफ़्तार किया।


चुनाव में हार दिखने लगी इसलिए फैसला ले लिया 
प्रियंका गांधी ने  कहा, अब चुनाव में हार दिखने लगी तो आपको अचानक इस देश की सच्चाई समझ में आने लगी, कि यह देश किसानों ने बनाया है, यह देश किसानों का है, किसान ही इस देश का सच्चा रखवाला है और कोई सरकार किसानों के हित को कुचलकर इस देश को नहीं चला सकती। आपकी नियत और आपके बदलते हुए रुख़ पर विश्वास करना मुश्किल है। किसान की सदैव जय होगी. जय जवान, जय किसान, जय भारत।  
आज करेंगी प्रेस कांफ्रेस 
प्रियंका गांधी अपने लखनऊ स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस अब से कुछ देर बाद प्रस्तावित है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम के दौरे से पहले ट्वीट किया है। योगी ने लिखा, 'पीएम मोदी के मार्गदर्शन में जनपद झॉंसी में विकास का नव प्रभात होने जा रहा है। आज शिलान्यास/लोकार्पित हो रही परियोजनाएं 'आत्मनिर्भर भारत' के स्वप्न को साकार करेंगी, साथ ही रक्षा क्षेत्र के वैश्विक मानचित्र पर उ.प्र को नई पहचान दिलाएंगी।