द फॉलोअप टीम, दिल्ली :
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलकर लखनऊ लौट चुके हैं। उन्होंने दो दिन के दौरान सभी के साथ मिलकर समाधान नामक पुस्तक भी भेंट की है। लेकिन क्या उत्तर प्रदेश में चल रही खटपट का समाधान निकल आया है। इस बीच एक अखबार ने छापा कि उत्तर प्रदेश का एक और विभाजन मोदी सरकार चाहती है। इस एक तीर से दो निशाना साधने का प्रयास बताया गया। चलिये जानते हैं, क्या है इसकी असली कहानी।
मायावती ने सबसे पहले विभाजन की उठाई थी आवाज
किसी भी बड़े राज्य के विभाजन के समर्थकों का कहना रहा है कि बड़े राज्य के होने से विकास का समान वितरण नहीं हो पाता। नागरिकों के बीच विकास के समान वितरण के लिए छोटे-छोटे राज्य का होना जरूरी है। बसपा प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहते 2011 में राज्य के बंटवारे की बात उठाई थी। वो चार हिस्से में राज्य को बांटना चाहती थी। उन्होंने बकायदा उत्तर प्रदेश की विधानसभा और विधान परिषद से प्रस्ताव पास भी करा दिया था। तब प्रदेश को बुंदेलखंड, पूर्वांचल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अवध प्रदेश में विभाजन का प्लान बनाया था।
पहले भी बंट चुका है उत्तर प्रदेश
भाजपा भी शुरू से ही छोटे राज्य की समर्थक रही है। केंद्र में जब भाजपा के अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई में एनडीए की सरकार थी, भारत के मानचित्र पर तीन नए राज्य का उदय हुआ था। सन 2000 में बिहार से अलग झारखंड, मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश से अलग उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा दिया गया था।
कांग्रेस ने भी छोटे राज्य की वकालत की
हालांकि छोटे राज्य के समर्थक के रूप में भाजपा का नाम प्रमुखता से लिया जाता रहा है। लेकिन कांग्रेस के कुछ नेता भी शासन-व्यवस्था के लिए छोटे राज्यों की वकालत करते रहे हैं। फरवरी 2014 में यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे कांग्रेस के नेता जयराम रमेश ने कहा था कि बीते 15 वर्षों से मेरी यह राय रही है कि यूपी जैसे बड़े राज्य में गुड गवर्नेंस संभव नहीं है। इस राज्य के बेहतर भविष्य के लिए हमें इसके बंटवारे के बारे में सोचना चाहिए। यूपी एक ऐसा ही राज्य है।
अब नई योजना में किस अंचल के नए प्रदेश की बात
योगी पूर्वांचल से आते हैं। चर्चा दरअसल यही है भी कि पूर्वांचल को अलग राज्य का दर्जा दिया जा सकता है। भाजपा चाहती है कि योगी को उनके ही घर की रखवाली का जिम्मा दे दिया जाए। इसे एक तीर से दो निशाना बताया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ तो योगी आदित्यनाथ को नए बनाए जाने वाले पूर्वांचल प्रदेश तक ही सीमित कर दिया जाएगा। जबकि उत्तर प्रदेश में अपनी पसंद का चेहरा उतार दिया जाएगा। हालांकि कुछ सियासी पंडित उत्तर प्रदेश को तीन हिस्सेे में बांटने का कयास लगा रहे हैं। जिसमें उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल है। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ होगी। जिसमें 20 जिले होंगे तो बुंदेलखंड की राजधानी प्रयागराज होगी। जिसमें 17 जिले होंगे। इसी तरह पूर्वांचल में 23 जिले होंगे और पूर्वांचल की राजधानी गोरखपुर होगी। हालांकि फिलहाल उत्तर प्रदेश के सूचना विभाग ने ऐसी किसी भी खबर का खंडन किया है।