द फॉलोअप टीम, मुंबई:
टोक्यो ओलंपिक्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का हिंदुस्तान बाहे फैलाकर स्वागत कर रहा है, लेकिन क्या होगा यदि किसी खिलाड़ी को परिवार सहित गांव छोड़ने पर मजबूर होना पड़े। ये कोई कहानी नहीं है बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण हकीकत है। गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक्स में भारतीय तीरंदाजी दल का हिस्सा रहे प्रवीण जाधव के परिवार को धमकाया जा रहा है। दरअसल, प्रवीण के माता-पिता अपने घर का नए सिरे से कंस्ट्रक्शन करवाना चाहते हैं लेकिन पड़ोसी उन्हें ऐसा करने से मना कर रहे हैं। उनको धमकाया जा रहा है।

महाराष्ट्र के सतारा जिला के रहने वाले हैं प्रवीण
मिली जानकारी के मुताबिक प्रवीण जाधव के माता-पिता महाराष्ट्र के सतारा जिले के सराडे गांव से आते हैं। गांव में उनका 2 कमरों का छोटा सा मकान है। वे इसे बढ़ाना चाहते हैं। उनके माता-पिता का आरोप है कि उनकी ही जमीन पर उनके पड़ोसी उनको मकान नहीं बनाने दे रहे हैं। उनको कंस्ट्रक्शन रोकने के लिए धमकाया जा रहा है। उनके पिता रमेश जाधव का कहना है कि यदि ये विवाद नहीं सुलझा तो वे अपना गांव छोड़ देंगे।

प्रवीण जाधव ने पूरे विवाद पर बहुत बड़ी बात कही
टोक्यो से हाल ही में वापस लौटे प्रवीण जाधव ने एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए बताया कि मेरे माता-पिता शेती महामंडल (स्टेट एग्रीकल्चर कॉर्पोरेशन) में मजदूरी करते थे। महामंडल ने ही हमें ये जमीन दी थी। जब हमारी आर्थिक हालत सुधरने लगी तो हमने मकान बनवाना शुरू किया। उन्होंने ये भी बताया कि महामंडल ने उन्हें इस जमीन का पट्टा नहीं दिया था और मौखिक समझौता ही हुआ था। उन्होंने बताया कि सेना में नौकरी मिलने के बाद जब घर की आर्थिक हालत सुधरी तो उनके परिवार ने 2 कमरों का मकान बनवाया। उस वक्त तो किसी ने आपत्ति नहीं जताई लेकिन अब जब बड़ा घर बनाने का फैसला किया है उनको पड़ोसियों ने रोक दिया। दावा किया है कि ये पूरी जमीन उनकी है। प्रवीण ने बताया कि पड़ोसियों द्वारा आपत्ति के बाद वे जमीन का कुछ हिस्सा छोड़ने को भी तैयार थे।

प्रवीण जाधव ने मकान बनवाने के लिए खरीदा सामान
प्रवीण ने बताया कि घर बनवाने के लिए 1 लाख 40 हजार रुपये का सामान खरीदा था। बाद में इसी सामान को 40 हजार रुपये में बेचना बड़ा। उन्होंने बताया कि जब घर में टॉयलेट बनवाने का फैसला किया तो पड़ोसियों ने उनको धमकाया औऱ पुलिस में शिकायत की। इस पूरे मामले को लेकर इलाके के एसडीओ शिवाजी जगताप ने बताया कि जमीन अभी भी शेती महामंडल की है। उन्होंने बताया कि जाधव परिवार ने मकान बनाने का फैसला किया था लेकिन पड़ोसियों ने ये कहते हुए आपत्ति जता दी कि उनके आने-जाने का रास्ता ब्लॉक हो जाएगा।

पुलिसकर्मियों ने किया था विवाद सुलझाने का प्रयास
कुछ पुलिसकर्मियों ने वहां जाकर दोनों पक्षों के बीच का विवाद सुलझाने का प्रयास किया। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में ये विवाद सुलझ जाएगा। प्रशासन जमीन का कुछ हिस्सा प्रवीण के नाम पर ट्रांसफर करने की संभाबना तलाश रही है। पड़ोसी परिवार भी उनके परिवार को तीन गुंधा जमीन बतौर तोहफा देने को तैयार है। प्रवीण ने बताया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले परिवार के कुछ सदस्यों ने उनके माता-पिता को घर बनाने के लिए धमकाया। प्रवीण ने इसकी जानकारी आर्मी को भी दी।
टोक्यो में नंबर-1 तीरंदाज से हार गए थे प्रवीण जाधव
गौरतलब है कि प्रवीण जाधव का ये पहला ओलंपिक था। प्रवीण ने झारखंड की दीपिका कुमारी के साथ मिश्रित युगल प्रतिस्पर्ध और व्यक्तिगत स्पर्धा में हिस्सा लिया था। मिश्रित युगल में जहां उनको कोरियाई टीम से हार का सामना करना पड़ा वहीं प्रवीण व्यक्तिगत स्पर्धा में दुनिया के नंबर-1 तीरंदाज ब्रेडी एलिसन से हार गये। हाल ही में प्रवीण जाधव भारत लौटे हैं।