द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मिलने और 4 घंटे की मुलाकात के अर्थ अब खुल रहे हैं। हालांकि दो दिनों पहले खबर मिली थी कि प्रशांत का मिलना पंजाब में सीएम अमरिंदर सिंह और नवजोत सिद्धो की अनबन को सुलझाना था। लेकिन अब दिल्ली के सियासी गलियारे से जो खबरें आ रही हैं, उसने भोपाल तक में अटकलें तेज कर दी हैं। खबर है कि कांग्रेस का अध्यक्ष पद अब गांधी परिवार के पास नहीं रहेगा। कांग्रेस की कमान अब कमलनाथ संभालेंगे।
सोनिया गांधी और प्रियंका से मिले कमलनाथ
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। उनकी पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से बात-मुलाकात हुई। सोनिया के आवास पर हुई बैठक में कांग्रेस यूपी की महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। कमलनाथ कांग्रेस परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं। सूत्रों की मानें तो कलमनाथ को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो दो दशक से अधिक समय के बाद पहली बार कांग्रेस पार्टी की कमान गांधी परिवार से बाहर जाएगी। 1998 में सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही पार्टी की बागडोर गांधी परिवार के हाथ में रही है।
जब इंदिरा गांधी ने कहा था, तीसरा बेटा
कमलनाथ संजय गांधी के खास दोस्तों में से रहे हैं। वो लोकसभा में कमलनाथ छिंदवाड़ा सीट से नौ बार नुमाइंदगी कर चुके हैं। इंदिरा गांधी जब उनके लिए चुनाव प्रचार करने आई थीं, तो उन्होंने चुनावी सभा में कहा था कि कमलनाथ उनके तीसरे बेटे हैं, कृपया उन्हें वोट दीजिए। दरअसल 1979 में मोरारजी देसाई की सरकार से मुकाबले में इंदिरा के मददगार कमलनाथ ही साबित हुए थे।
14 माह के लिए रहे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री
आठ महीने पहले कमलनाथ को मध्य प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। राज्य में उनकी अगुवाई में कांग्रेस की वापसी हुई। 17 दिसंबर 2018 को वो प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री बने। लेकिन सत्ता उनके पास बहुत दिनों तक नहीं रही। पार्टी के दूसरे केंद्र बने ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बगावत कर दी। कुछ विधायकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। कमलनाथ की सरकार अल्पमत में आ गई। 20 मार्च 2020 को उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। उसके बाद शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में भाजपा की सरकार बनी।