logo

शादी के 24 दिन बाद नव-विवाहिता की संदिग्ध मौत, छानबीन में जुटी पुलिस

9204news.jpg
द फॉलोअप टीम, हजारीबाग: 

जिले के बरही थाना क्षेत्र (Barhi Police Station Area) के नई टांड में नव-विवाहिता की मौत का मामला प्रकाश में आया है। पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका वैजयंती गिरिडीह जिले के सरिया तेलीसिंघा की निवासी है जिसकी शादी बरही निवासी रामेश्वर यादव से 7 मई को हुई थी। 

शादी के महज 24 दिन बाद संदिग्ध मौत
गिरिडीह जिला के सरिया तेलीसिंघा गांव के निवासी महेंद्र यादव ने बड़े ही अरमानों के साथ अपनी बेटी वैजयंती का विवाह बरही के नई टांड ग्राम निवासी रामेश्वर यादव से करवाया था। विवाह पिछली 7 मई को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ लेकिन उनकी बेटी के हाथों में लगी मेहंदी का रंग अभी गया भी नहीं था कि उसके ससुराल से उसकी मौत की खबर पहुंची। इस घटना से उसके पिता समेत सभी दंग रह गए। 

पेट दर्द की शिकायत के बाद तोड़ा दम
मामले के संबंध में वैजयंती के ससुराल वालों ने बताया कि वैजयंती देवी को पेट में अचानक दर्द उठा, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को विवाहित की मौत की सूचना मिलने पर उनके मायके वाले गिरिडीह जिला सरिया थाना के तेलीसिंघा गांव से उसके ससुराल बरही नईटांड पहुंचे। इधर जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची बरही थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर हजारीबाग भेज दिया। 

ससुराल वालों पर लगा हत्या का आरोप
वहीं, मौके पर से बरही पुलिस को मृतका के चाचा दुलारचंद यादव और सुरेंद्र यादव ने संदेह व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी भतीजी वैजयंती देवी की हत्या ससुराल वालों ने की है। उन्होंने इसकी जांच और करवाई की मांग पुलिस से की है। वहीं, मृतका के पति और ससुराल वालों ने आरोप को बेबुनियाद बताया है। बताया जाता है कि पिछले 7 मई को हिंदू रीति रिवाज से वैजयंती कुमारी का विवाह बरही नईटांड निवासी रामेश्वर यादव से हुआ था। रामेश्वर यादव का यह दूसरा विवाह है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।