द फॉलोअप टीम, जयपुर:
कोविड संक्रमण से स्थिति गंभीर होने पर मरीजों को आक्सीजन सपोर्ट पर रखा जाता है। मरीज को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर से ऑक्सीजन दी जाती है। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर का इस्तेमाल बेहद सावधानी से किया जाता है। सावधानी से इस्तेमाल ना करने पर ये जानलेवा बन जाता है। ऐसा ही एक मामला आया है राजस्थान के गंगापुर से। एक घर में खराब ऑक्सीजन कंसंट्रेटर फटने से महिला की मौत हो गई।
पति की हालत गंभीर
महिला के पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जिस दुकान से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर ली गई थी उस दुकानदार से पूछताछ हो रही है। पुलिस ने बताया कि आईएएस अधिकारी हर सहाय मीणा के भाई सुल्तान सिंह को पिछले दो महीने से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसलिए एक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था की गई थी। सुल्तान सिंह घर पर ठीक हो रहे थे। उनकी पत्नी संतोष मीणा उनकी देखभाल कर रही थीं। संतोष मीणा ने जैसे ही सुबह लाइट का स्विच ऑन किया, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में आग लग गई। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर से निकलते हुए ऑक्सीजन की वजह से पूरा घर आग की जद में आ गया। आग लगने की वजह से 40 वर्षीय संतोष मीणा की मौत हो गई।
प्रिंसिपल थी संतोष मीणा
मृतका संतोष मीणा गर्ल्स कॉलेज में प्रिंसिपल थीं। वह हर दिन बीमार पति को एक्सरसाइज कराती थीं। दंपति के 10 और 12 साल के दो बेटे अपने ननिहाल में थे। आग की लपेटों में दोनों दंपतियों को चिल्लाते देखकर पड़ोसियों ने उन्हें किसी तरह बचाने की कोशिश की और अस्पताल भेजा। अस्पताल में पत्नी की मौत हो गई, वहीं पति को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है।