logo

सेल्‍फी के चक्‍कर में अचानक चल गई बंदूक की गोली से महिला की मौत, परिजन का ससुरालवालों पर हत्‍या आरोप

सेल्‍फी के चक्‍कर में अचानक चल गई बंदूक की गोली से महिला की मौत, परिजन का ससुरालवालों पर हत्‍या आरोप

द फॉलोअप टीम, लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिला मुख्‍यालय के मोहल्ला खत्ताजमालखां में एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लेकिन कारण इसके अलग-अलग बताए जा रहे हैं। महिला के परिजनों ने इसे मौत नहीं हत्‍या बताया है। वहीं इसके लिए महिला के ससुरालवालों को आरोपी ठहराया है। शाहाबाद कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरी खबर यह है कि महिला बंदूक से साथ फोटो खिंचवा रही थी। अचानक चूक से ट्रिगर दब गया और गोली चलने से महिला की मौत हो गई। महिला की एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वो बंदूक थामे खड़ी हैं।

दो माह पहले हुई थी शादी

उक्‍त महिला का विवाह दो माह पहले ही हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्‍या की गई है। ससुरालवाले दो लाख रुपए की मांग कर रहे थे। बंदूक भी महिला के ससुर की है। पुलिस ने पति, सास, ससुर और जेठ के साथ-साथ कई अज्ञात पर केस दर्ज किया है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

SP कपिल देव सिंह के अनुसार पति-पत्नी सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान बंदूक से गोली चल गई। गोली महिला के गले के आर-पार हो गई थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के ससुरालवालों ने यही बताया है। हालांकि पुलिस छानबीन कर रही है। महिला के मोबाइल बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम भी इस मामले में जांच कर रही है. इसके अलावा बंदूक भी बरामद की गई है।