द फॉलोअप टीम, गढ़वा:
कांडी थाना क्षेत्र के हरीगांवा गांव में एक महिला की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना में एक लड़की घायल हो गई है। मृतका की पहचान अनिता देवी के रूप में हुई है। महिला की हत्या उसके भतीजे ने ही की है। मामला हरीगांवा गांव का है जहां भाइयों हीरा तांती और महेंद्र तांती के बीच कटे हुए शीशम पेड़ की जड़ को लेकर विवाद हो गया था। यही विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।
लकड़ी के लिए 2 परिवारों में झड़प
जड़ की लकड़ी को लेने के लिए दोनों परिवारों में जंग छिड़ गई। इसी दौरान हीरा तांती का बेटा सूरज महेंद्र तांती की पत्नी अनिता देवी और बेटी मंजू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार करने लगा। घटना में मां और बेटी बुरी तरह जख्मी हो गई। घायल मां-बेटी को स्थानीय लोगों ने मझिगांव रेफरल अस्पताल पहुंचाया जहां अनिता देवी को मृत घोषित कर दिया गया। बेटी मंजू का इलाज जारी है। घटना के बाद से ही हत्यारोपी फरार है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर तलाश में जुटी है।
तलाश के लिए छापेमारी जारी
थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि भतीजे ने ही अनिता देवी की हत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।