द फॉलोअप टीम, डेस्क:
नीलम का पत्थर काफी कीमती रत्नों में से एक माना जाता है। क्या कभी आप सोच सकते है कि यह आपको आपके आंगन में यूं ही पड़ा मिल जाएगा। नही ना! आप नही सोच सकते क्योंकि यह रत्न है ही इतना कीमती। लेकिन श्रीलंका के एक शहर में ऐसा हुआ है। एक शख्स को कुएं की खुदाई करते वक़्त दुनिया का सबसे बड़ा नीलम मिला है।
बाजार में कीमत 700 करोड़ से ज्यादा
बाजार में इसकी कीमत 700 करोड़ से भी ज्यादा है। श्रीलंका में एक परिवार घर के पीछे कुएं की खुदाई करवा रहा था। तभी श्रीलंकाई व्यक्ति के हाथ यह खजाना लग गया। घटना श्रीलंका के रत्नपुरा की है जिसे रत्नों की नगरी कहा जाता है। मिस्टर गोमेज खुद ही हीरे के व्यापारी हैं। घर के आंगन में कुएं की खुदाई करवा रहे थे। खुदाई के वक्त मजदूरों को यह नायाब चीज मिली। इस इलाके में रत्न काफी ज्यादा मात्रा में हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नीलम की कीमत 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 700 करोड़ रुपये से ज्यादा है। मिस्टर गोमेज काफी खुश हैं।

510 किलो का है पूरा नीलम
मिस्टर गोमेज को जो नीलम मिला है, उसका वजन करीब 510 किलो है। इसे सेरेंडिपिटी सफायर नाम दिया गया है। जिसका अर्थ होता है किस्मत से मिला नीलम। इस नीलम की शुद्धता 2.5 मिलियन कैरेट है। सुरक्षा कारणों से मिस्टर गोमेज ने अपना पूरा नाम नहीं बताया है। उन्हें अब इस नायाब नीलम के मिलने से काफी डर भी है। दरअसल यह कई नीलम का एक गुच्छा है, जो मिट्टी या कीचड़ की वजह से एक-दूसरे से जुड़े गए हैं। वे फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं करना चाहते।
अशुद्धियों को हटाने में एक साल लगा
ये नीलम पिछले साल मिला था। लेकिन प्रशासन को इसे क्लीयरेंस देने में काफी समय लग गया। इस रत्न से अशुद्धियां हटाने में उन्हें महीनों का समय लग गया। इसके बाद ही इसे सर्टिफिकेट दिया गया। सफाई के दौरान इससे काफी मात्रा में उच्च क्वालिटी के रत्न गिरते रहे। रत्नपुरा को श्रीलंका के रत्नों की राजधानी कहा जाता है। श्रीलंका दुनियाभर में पन्ना, नीलम और अन्य बेशकीमती रत्नों के निर्यातक के तौर पर जाना जाता है। प्रिंस विलियम्स की पत्नी केट मिडिलटन ने अपनी शादी के वक्त श्रीलंका का नीलम ही पहना था। विशेषज्ञों का कहना है कि इतना बड़ा नीलम करीब 40 करोड़ साल पहले बना होगा।
