logo

UP: 5 लाख रिक्त पदों पर बहाली की मांग को लेकर 47 दिनों से बेरोजगार युवा धरनारत

UP: 5 लाख रिक्त पदों पर बहाली की मांग को लेकर 47 दिनों से बेरोजगार युवा धरनारत

द फॉलोअप टीम, प्रयागराज:

उत्‍तर प्रदेश में 5 लाख रिक्त पदों पर तत्काल विज्ञापन जारी करने, लंबित भर्तियों को चुनाव के पहले हरहाल में पूरी करने, हर युवा को गरिमापूर्ण रोजगार की गारंटी जैसे मुद्दों पर पत्थर गिरजाघर में 47 दिनों से युवा आंदोलनरत हैं। रोजगार आंदोलन के प्रति योगी सरकार के संवेदनहीन रवैया अपनाने से आक्रोशित युवाओं ने कल सलोरी में कैंडल मार्च और 20 अक्टूबर को पत्थर गिरजाघर में महा आंदोलन का ऐलान किया है। इसकी जानकारी युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने दी। उन्होंने युवाओं से सड़कों पर उतरने का आवाहन करते हुए कहा कि योगी सरकार के ऐजेण्डा में रिक्त पदों पर विज्ञापन जारी करना नहीं है।  प्राथमिक, एलटी, टीजीटी-पीजीटी, पुलिस आदि विज्ञापन जारी होने संबंधी सूचनाएं भ्रामक हैं और युवाओं को गुमराह करने के लिए हैं। जोर देकर कहा कि आंदोलन के दबाव में ही सरकार विज्ञापन करेगी अन्यथा सरकार अपने मंसूबों के अनुरूप ही फर्जी आंकड़ेबाजी कि प्रचार कर चुनावीं वैतरणी पार करने की फिराक में है। इसलिए 20 अक्टूबर के महा आंदोलन को सफल बनायें।

युवा मंच संयोजक राजेश सचान ने कहा कि प्रदेश का युवा अब योगी सरकार के झूठे प्रचार व घोषणाओं के झांसे में आने वाला नहीं है और रोजगार के मुद्दे को नजरअंदाज व गुमराह करना भाजपा के लिए मंहगा साबित होगा। उन्होंने सभी संगठनों व सभी प्रतियोगी समूहों से 20 अक्टूबर के महा आंदोलन में शामिल होने की अपील की। कहा कि योगी सरकार के रिकॉर्ड रोजगार के दावों के बरक्स सच्चाई यह है कि प्रदेश में चरम बेरोजगारी है। सरकारी क्षेत्र से लेकर हर सेक्टर में रोजगार के अवसरों में गिरावट आयी है। लेकिन फर्जी आंकड़ेबाजी कर प्रदेश में रिकॉर्ड रोजगार सृजन का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है जो सच से परे है। आज रोजगार आंदोलन में युवा मंच संयोजक राजेश सचान, अध्यक्ष अनिल सिंह, कमलेश कुमार, अनिल कुमार मिश्रा, अश्विनी कुमार, सुनील कुमार, श्रीकृष्ण मिश्रा, कृष्ण कुमार, राजेश चौधरी आदि शामिल रहे। युवा मंच सलोरी प्रभारी बीएल यादव ने सभी प्रतियोगियों को कल सायं 6 बजे ईश्वर शरण डिग्री कालेज गेट पहुंचने की अपील की है।