logo

जीजा की ड्यूटी पर तैनात था साला, पांच साल से कर रहा था फर्जी नौकरी

जीजा की ड्यूटी पर तैनात था साला, पांच साल से कर रहा था फर्जी नौकरी
द फॉलोअप टीम, मुरादाबाद:

मुरादाबाद के कोतवाली ठाकुरद्वारा इलाके में एक पुलिसकर्मी पर आरोप है कि उसने खुद की जगह साले से नौकरी करवाई है। यह आरोप डायल 112 पर तैनात आरक्षी अनिल कुमार पर लगा है।  बताया जा रहा है कि अनिल कुमार ने साजिश से अपने सगे साले अनिल सोनी को घर पर ही पुलिस की ट्रेनिंग दी और उसे अपनी जगह पर ड्यूटी भेजने लगा। एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को इस बात की सूचना दी है। गोपनीय जांच में इस पूरे मामले का खुलासा किया गया है।  पुलिस असली आरक्षी अनिल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। नकली अनिल कुमार उर्फ़ अनिल सोनी फरार है। 

तीन बार पुलिस भर्ती में फेल हुआ अनिल
जानकारी के मुताबिक अनिल कुमार ने 2011 में बरेली से पुलिस भर्ती के दौरान आवेदन किया था, जिसके ट्रेनिंग में वो फेल हो गया था। अनिल कुमार  ने फिर से 2012 में मेरठ में हुई पुलिस भर्ती में आवेदन किया और उसमें भी वह फेल हो गया था। तीसरी बार अनिल कुमार ने गोरखपुर में आवेदन किया, जहां उसका चयन हो गया। ट्रेनिंग पूरी कर अनिल कुमार को बरेली जनपद में पोस्टिंग मिली।  वहीं अनिल कुमार ड्यूटी ने ड्यूटी ज्वाइन किया।  जब वहां से अनिल कुमार का तबादला मुरादाबाद में हुआ तो उसने साजिश रचना शुरू कर दिया। अब मामले का खुलासा हो गया। 

अपनी जगह साले को ड्यूटी पर भेजा
पुलिसकर्मी अनिल कुमार ने अपने स्थान पर अपने साले अनिल सोनी को मुरादाबाद बुलाया और बरेली से जारी अपने प्रस्थान आदेश की कॉपी लेकर मुरादाबाद के पुलिस अधिकारियों के सामने पेश किया।  मुरादाबाद रेंज में अनिल के साले अनिल सोनी की को दर्ज कर लिया गया लेकिन फोटो का मिलान नहीं किया गया।  जिसके बाद अनिल सोनी ड्यूटी करने लगा।  शातिर अनिल कुमार ने अपने साले को पूरी तरह से ट्रेंड कर दिया।  किसी ने इस बात की शिकायत कर दी। 

5 साल से कर रहा था फर्जी ड्यूटी 
अनिल सोनी को ड्यूटी के दौरान ही पुलिस लाइन से सरकारी असलहा जारी किया गया।  जिसमे पिस्टल, कार्बाइन, एसएलआर तक दी गई।  फिलहाल पुलिस अनिल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी दावा कर रही है कि अगर विभाग के किसी अन्य पुलिसकर्मी ने भी अनिल कुमार का इस साजिश में साथ दिया है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। 2012 में अनिल कुमार की तैनाती हुई थी उसने कुछ साल तक ड्यूटी किया था। पांच साल पहले उसका ट्रांसफर मुरादाबाद में हुआ था जिसके बाद से लगातार अनिल सोनी फर्जी ड्यूटी कर रहा था।