द फॉलोअप टीम, रांची:
राजधानी रांची में लूटपाट और चोरी की घटना आम सी हो गयी है। बदमाशों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में भी बड़े आराम से घटना को अंजाम देकर निकल जाते है। ताजा मामला शहर के सुखदेवनगर इलाके (Sukhdevanagar Area) क इरगुटोली का है जहां जोमैटो( Zomato) के डिलीवरी ब्वॉय से लूटपाट की घटना सामने आ रही है।
डिलीवरी ब्वॉय से गली में लूटपाट की कोशिश
जानकारी के मुताबिक जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय साइकिल से डिलीवरी के लिए इरगु मोहल्ला में घुसा था। इसी बीच स्कूटी पर सवार दो अपराधियों ने उसे रोक कर लूटपाट का प्रयास किया। इस पर डिलीवरी ब्वॉय ने विरोध किया और शोर मचने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए। लोगों को आता देख अपराधी वहीं स्कूटी छोड़कर फरार हो गए।
अपराधियों का नहीं मिल सका है कोई सुराग
घटना की सूचना मिलने के बाद सुखदेव नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी को जब्त कर लिया। अपराधियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बता दें कि बरामद की गई स्कूटी सदर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। सुखदेवनगर थाना प्रभारी ममता कुमारी ने बताया कि मामला लूटपाट का नहीं बल्कि रास्ता पूछने का है, क्योंकि डिलीवरी ब्वॉय ने लूटपाट के प्रयास से संबंधित शिकायत नहीं की है। मगर पुलिस अपने काम में लग गयी है जल्द ही पूरी घटना का खुलासा हो जायेगा।