द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ती दिख रही है लेकिन इस बीच तीसरी लहर की आशंका भी बलवती होती जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का अनुमान है कि तीसरी लहर में बच्चों को ज्यादा खतरा होगा। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन ही एकमात्र उपाय है। ऐसे में जायडस कैडिला ने डीजीसीआई को आवेदन देकर वैक्सीन जायकोवि-डी के आपात इस्तेमाल की मंजूरी मांगी है।
जायकोव-डी बच्चों के लिए डीएनए वैक्सीन
मिली जानकारी के मुताबिक वैक्सीन जायकोव-डी बच्चों के लिए कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ डीएनए वैक्सीन है। समाचार एजेंसी रायटर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक कपंनी ने इस वैक्सीन का 28 हजार से भी ज्यादा वॉलेंटियर्स पर ट्रायल किया। तीसरे चरण के क्लिनिकल ट्रायल का नतीजा भी पेश किया। तीसरे चरण के क्लिनिकल ट्रायल डाटा के मुताबिक जायकोव-डी 12 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों के लिए सुरक्षित है। कंपनी ने सालाना 10 करोड़ टीका के उत्पादन का लक्ष्य तय किया है। ऐसा इसलिए ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों का टीकाकरण किाय जा सके।
डॉ. रणदीप गुलेरिया ने दिया महत्वपूर्ण बयान
बीते दिन एम्स दिल्ली के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा था कि बच्चों के लिए कोविड-19 टीकों की उपलब्धता महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। स्कूल खुलने सहित अन्य गतिवधियों का रास्ता खुल सकेगा। डॉ. गुलेरिया ने कहा था कि यदि जायडस के टीके को मंजूरी मिलती है तो ये बढ़िया विकल्प होगा। इस बीच भारत बायोटेक के वैक्सीन का 2 से 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों पर दूसरे और तीसरे चरण का ट्रायल जारी है। ट्रायल के नतीजे सितंबर तक आने की उम्मीद है। अमेरिकी वैक्सीन निर्माता कंपनी फाइजर की भी वैक्सीन को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
तीसरी लहर में बच्चों की आबादी खतरे में होगी
गौरतलब है कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर के हासिल अनुभवों के आधार पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा कि तीसरी लहर में बच्चों की बड़ी आबादी खतरे में होगी। ऐसे में उनके हिसाब से स्वास्थ्य ढांचा तैयार करना होगा। यदि कोरोना महामारी से बचाव का एकमात्र तरीका वैक्सीन है तो बच्चों का तेजी से टीकाकरण करना होगा। बच्चों के हिसाब से हॉस्पिटल और बेड तैयार करने होंगे। यदि चिकित्सकों की कमी है तो उसे पूरा करना होगा। कई राज्यों ने इसकी तैयारी भी कर दी है।