logo

जामताड़ा में आदिवासी युवती के साथ बेरहमी से मारपीट, आरोपी युवक गिरफ्तार

जामताड़ा में आदिवासी युवती के साथ बेरहमी से मारपीट, आरोपी युवक गिरफ्तार

जामताड़ा: 
Jamtara News: जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोडीह गांव में बुधवार की रात एक गंभीर घटना सामने आई। दुर्गा पूजा घूमने अपनी बहन के घर आई एक आदिवासी युवती के साथ एक युवक ने लात-घूंसों और लोटे से बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा में भर्ती कराया गया। वहीं, ग्रामीणों ने आरोपी युवक को मौके पर पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती बिंदापाथर थाना क्षेत्र के जाबड़दोहा गांव की रहने वाली है। वह दुर्गा पूजा उत्सव के सिलसिले में माधोडीह गांव स्थित अपनी बहन के घर आई हुई थी। स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, युवती के ही गांव का रहने वाला शिला मोहली बुधवार की रात उससे मिलने माधोडीह पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने कथित तौर पर गुस्से में आकर युवती पर लोटे और लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में युवती बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़कर पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, घटना को लेकर आरोपी और ग्रामीणों के बयानों में अंतर सामने आया है। मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के अनुसार, मुख्य आरोपी शिला मोहली को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि वह युवती से मिलने आया था, लेकिन ग्रामीणों ने दोनों को साथ देखकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। दूसरी ओर, ग्रामीणों का आरोप है कि युवक ने ही युवती पर बेरहमी से हमला किया था।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी और ग्रामीणों के बयानों के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
 

Tags - Jamtara NewsAdivasi Girl AssaultMihijam CrimeJharkhand PoliceShila Mohli Arrest