logo

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत पर रांची में धूम, राज्यपाल और सीएम ने दी बधाई

TU.jpg

द फॉलोअप डेस्क    
झारखंड में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत की शानदार जीत का जश्न धूमधाम से मनाया गया है। रविवार रात दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जब रवींद्र जडेजा ने विजयी चौका जड़ा, तो भारतीय टीम के प्रशंसक सड़कों पर उमड़ पड़े। इस दौरान हाथों में तिरंगा लिए लोग खुशी से झूमते नजर आए। साथ ही ढोल-नगाड़े की आवाजें गूंजने लगीं और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों के साथ मैदान से लेकर सड़कों तक एक जोश का माहौल बन गया।

क्रिकेट प्रेमियों का दिखा उत्साह
इस दौरान राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक का नजर क्रिकेट प्रेमियों से पटा नजर आया। क्रिकेट प्रेमियों ने न केवल भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए, बल्कि चक दे इंडिया के गीत भी गाए। यह जोश और खुशी का माहौल सिर्फ रांची में ही नहीं, बल्कि धनबाद, जमशेदपुर, देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग समेत झारखंड के विभिन्न हिस्सों में भी दिखा। हर कोई भारत की जीत पर गर्व महसूस कर रहा था।

अल्बर्ट एक्का चौक पर हुई आतिशबाजी
वहीं, अल्बर्ट एक्का चौक पर हो रहे जश्न में आतिशबाजी ने चार चांद लगा दिए। देर रात तक लोग खुशी से झूमते रहे और टीम इंडिया की जीत का उत्सव मनाते रहे। इस खुशी के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी भारतीय टीम को जीत की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा- चैंपियंस ट्रॉफी में मिली ऐतिहासिक जीत पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह शानदार विजय हर भारतीय के लिए गर्व और उल्लास का क्षण है। आपके समर्पण और मेहनत ने देश को गौरवान्वित किया है। सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

सीएम ने लिखा- शानदार चैंपियंस, शानदार टीम इंडिया
वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भारतीय जीत को चैंपियंस ट्रॉफी में मिली ऐतिहासिक जीत पर खास अंदाज में बधाई दी। सीएम ने महज 5 शब्दों में अपनी भावनाओं को सोशल मीडिया पर लिखा। हेमंत सोरेन ने लिखा, ‘शानदार चैंपियंस, शानदार टीम इंडिया।’

Tags - Champions Trophy 2025 ICC Celebration in Ranchi India’s Victory Sports News National News Latest News Breaking News