logo

धोनी करेंगे झारखंड T-20 लीग का आगाज, कनिका बिखेरेंगी सुरों का जादू; 10 जून से JSCA में क्रिकेट का महाकुंभ

DHONI3.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड में पहली बार आईपीएल की तर्ज पर आयोजित हो रही Jharkhand T20 League का शुभारंभ 10 जून से रांची स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में होगा। टूर्नामेंट को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और झारखंड के सबसे बड़े क्रिकेट आइकन महेंद्र सिंह धोनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि प्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर अपनी प्रस्तुति से समारोह में रंग जमाएंगी। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।


उद्घाटन समारोह में दिखेगा स्टार आकर्षण
JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी ने उद्घाटन समारोह में शामिल होने की सहमति दे दी है। धोनी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे और राज्य में क्रिकेट को नई दिशा देने के इस प्रयास का हिस्सा बनेंगे। वहीं कनिका कपूर की लाइव प्रस्तुति समारोह को और भव्य बनाएगी। आयोजकों का मानना है कि यह लीग झारखंड के युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करेगी। टूर्नामेंट के लीग चरण में प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच दोपहर 12 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। लीग चरण के बाद 22 जून को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे, जबकि 23 जून को रात 7:30 बजे फाइनल मुकाबले के साथ पहले संस्करण के विजेता का फैसला होगा। प्रतियोगिता में राज्य की छह टीमें खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी।


फ्री एंट्री, टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण
क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम में नि:शुल्क प्रवेश के साथ मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए किसी टिकट की आवश्यकता नहीं होगी। टूर्नामेंट के सभी मैचों का सीधा प्रसारण JioHotstar और DD Sports पर किया जाएगा, जिससे दर्शक घर बैठे भी हर मुकाबले का रोमांच देख सकेंगे। लीग के पहले दिन छोटानागपुर रॉयल्स और रांची टाइटंस के बीच उद्घाटन मैच खेला जाएगा, जबकि दूसरे मुकाबले में कोयलांचल सुपर किंग्स और जमशेदपुर स्टीलर्स आमने-सामने होंगे।

 

Tags - Cricket MSDhoni Jharkhand T20League Ranchi