logo

झटका : IPL-2022 के शुरुआती मैचों में नहीं दिखेंगे धोनी! नई रिपोर्ट में क्या दावा किया गया

dhoni4366.jpg

डेस्क: 

धोनी के बिना इंडियन प्रीमियर लीग का कल्पना करना भी बेमानी लगता है। 4 बार चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल का खिताब जिता चुके एमएस धोनी के करोड़ों प्रशंसक हैं। कई लोग केवल धोनी की वजह से ही आईपीएल देखते हैं। आईपीएल का 15वां सीजन 26 मार्च से शुरू होने जा रहा है लेकिन धोनी फैंस के लिए एक बुरी खबर है। 

शुरुआती मैचों में नहीं दिखेंगे कप्तान धोनी! 
रिपोर्ट्स हैं कि महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल-2022 के शुरुआती कुछ मैचों में नजर नहीं आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी के कमर में दर्द है। कहा जा रहा है कि डॉक्टरों ने उनको कम से कम 5 हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है। यदि रिपोर्ट सही है तो निश्चित रूप से धोनी आईपीएल के शुरुआती मैचों में नजर नहीं आएंगे। पहले ही दीपक चाहर की चोट से संकट में दिख रही सीएसके के लिए ये अच्छी खबर नहीं है। दरअसल, धोनी के बिना आईपीएल में मजा नहीं है। 

रविंद्र जडेजा को मिलेगी टीम की कमान
यदि धोनी वाकई आईपीएल-2022 के शुरुआती मुकाबले नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह रविंद्र जडेजा टीम की कमान संभाल सकते हैं। गौरतलब है कि सीएसके ने इस सीजन रविंद्र जडेजा को धोनी पर तरजीह देकर 16 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। हालांकि, कहा जा रहा है कि धोनी ने ही फ्रेंचाइजी से ऐसा करने के लिए कहा था। हालांकि, धोनी को लेकर आ रही ताजा रिपोर्ट फैंस के लिहाज से अच्छी नहीं है। फ्रेंचाइजी को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। 

नया नहीं है धोनी के कमर का दर्द! 
गौरतलब है कि धोनी के कमर का दर्द नया नहीं है। धोनी अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर के दौरान भी कई बार कमर दर्द से परेशान रहे हैं। यदि आपको विश्व कप-2011 का फाइनल याद हो तो नाजुक मौके पर धोनी कमर दर्द की वजह से मुश्किल में नजर आए थे। तब उन्होंने फिजियो की मदद से टीम के लिए नाबाद 91 रनों की पारी खेली थी और इंडिया को विश्व चैंपियन बनाया था। 

फैंस को धोनी के जल्द ठीक होने की उम्मीद
इंडियन प्रीमियर लीग के बीते कई सीजन में भी धोनी कमर दर्द से परेशान रहे हैं। तब उनकी अनुपस्थिति में सुरेश रैना टीम की कमान संभालते थे। चेन्नई के फैंस के बीच चिन्ना-थाला के नाम से मशहूर रैना को इस बार फ्रेंचाइजी ने रिटेन नहीं किया। रविंद्र जडेजा को धोनी की गैर-मौजूदगी में टीम की कमान सौंपी जा सकती है। हालांकि, फैंस यही उम्मीद करेंगे कि धोनी को लेकर आ रही ये खबर सच ना हो। धोनी सीजन की शुरुआत से ही मैदान में दिखें।