गुमला:
Jharkhand News: गुमला (Gumla) जिले के कामडारा प्रखंड की रहने वाली प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ी पार्वती टोपनो (Parwati Topno) ने जूनियर महिला एशिया कप 2026 (Junior Women's Asia Cup Hockey) में भारतीय टीम (Indian Junior Women Hockey Team) का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर गुमला सहित पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। चीन के मोकी में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप में भारतीय टीम के स्वर्ण पदक जीतने में पार्वती की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो (Gumla DC Dileshwar Mahto) और उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन ने पार्वती टोपनो और उनके माता-पिता सोमा टोपनो और जानो टोपनो को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार भी उपस्थित रहे। साथ ही, पार्वती टोपनो के परिवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का लाभ भी प्रदान किया गया, उपायुक्त ने परिवार को आगे भी हर संभव सहयोग प्रदान करने की बात कही।

बेंगलुरु में प्रशिक्षण हासिल कर रहीं पार्वती टोपनो
पार्वती टोपनो का जन्म 25 नवंबर 2007 को हुआ है। उन्होंने वर्ष 2017 में कामडारा डे-बोर्डिंग से हॉकी प्रशिक्षण की शुरुआत की। इसके बाद 18 जून 2018 को उन्होंने बरियातू सेंटर में प्रशिक्षण लेना शुरू किया और लगभग 6 वर्षों तक वहां प्रशिक्षण प्राप्त किया। 21 मार्च 2024 को उन्होंने मोरहाबादी स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रवेश लिया। वर्तमान में वह 18 फरवरी 2025 से बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। पार्वती इससे पहले जूनियर महिला विश्व कप 2025, सैंटियागो, चिली में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्ष 2026 में चीन के मोकी में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया।
पार्वती टोपनो की उपलब्धि से गौरवान्वित गुमला
इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा, “पार्वती टोपनो की यह उपलब्धि गुमला जिले के लिए गौरव का विषय है। निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी पार्वती की सफलता से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, पात्र परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।”
.jpeg)
ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान युवा भी होंगे कामयाब
उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन ने कहा, “पार्वती टोपनो ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से जिले का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान युवा भी उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर उच्चतम स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ऐसे खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके परिवार की आवश्यकताओं के अनुरूप सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयासरत है।”
पार्वती टोपनो की इस उपलब्धि से उनके परिवार, कामडारा प्रखंड तथा जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। जिला प्रशासन की ओर से पार्वती के उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।