द फॉलोअप डेस्क:
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने फिर से सबसे ज्यादा इनकम टैक्स दिया है। कैप्टन कूल माही झारखंड और बिहार क्षेत्र के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकरदाता बन गये हैं। हालांकि, गोपनीयता के नियमों का हवाला देते हुए विभाग ने यह नहीं बताया कि धौनी ने इनकम टैक्स के रूप में कितनी रकम चुकाई है। रांची निवासी धौनी लंबे समय से झारखंड और बिहार क्षेत्र में सर्वाधिक टैक्स चुकाने वाले व्यक्ति हैं। गौरतलब है कि धौनी क्रिकेट, आईपीएल, विज्ञापन, बिजनेस, निवेश और अन्य स्त्रोतों से बड़ी कमाई करते हैं।

30 लाख रुपये कमाना चाहते थे धौनी
धौनी अभी इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं, हालांकि, इस सीजन उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। उन्हें इंजरी है। धौनी पिछले कई सालों से सबसे ज्यादा टैक्स चुकाते हैं। इस संबध में एक दिलचस्प किस्सा भी है जो पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने सुनाई है। दरअसल, इंडिया ए के लिए जब धौनी का सिलेक्शन हुआ तो उनके रूममेट आकाश चोपड़ा हुआ करते थे। तब धौनी ने आकाश चोपड़ा से कहा था कि वह 30 लाख रुपये कमाकर रांची में बस जाना चाहते हैं। धौनी रांची में ही बसे हैं, लेकिन उनकी कमाई अब हजारों करोड़ रुपये में है।

क्रिकेट में सबसे सफल कप्तान हैं धौनी
रांची के राजकुमार कहे जाने वाले महेंद्र सिंह धौनी विश्व क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान हैं। वह एकमात्र कप्तान हैं जिनके नाम आईसीसी की सारी ट्रॉफी है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को 2007 में टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण जिताया। 2011 में उन्हीं की कप्तानी में भारतीय टीम ने दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप जीता। 2013 में धौनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी भी जीत ली। धौनी इंडियन प्रीमियर लीग में भी सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी सीएसके को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया तो वहीं 2 बार चैंपियंस लीग ट्रॉफी जीती। धौनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ डेब्यू किया था और 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला। उनकी कप्तानी में ही टीम इंडिया पहली बार टेस्ट में नंबर-1 टीम बनी।