logo

स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने देश को फिर दिलाया सोना, लुसाने डायमंड लीग में जीता गोल्ड

neeraj_chopra5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देश के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार अपने खेल का जौहर दिखाया है। नीरज ने लुसाने डायमंड लीग में शुक्रवार देर रात गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। उन्होंने 87.66 मीटर भाला फेंककर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है। उनका यह ओवरऑल डायमंड लीग का चौथा गोल्ड मेडल है।  बता दें कि वो मई में दोहा डायमंड लीग में भी गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। नीरज का यह 8वां इंटरनेशनल गोल्ड मेडल है। इससे पहले नीरज एशियन गेम्स, साउथ एशियन गेम्स, ओलिंपिक्स और डायमंड लीग में भी गोल्ड जीत चुके हैं।


शुरूआत अच्छी नहीं रही
नीरज चोपड़ा की लुसाने डायमंड लीग में शुरूआत अच्छी नहीं रही। उनकी पहली कोशिश फाउल रही। फिर उन्होंने 83.52 और 85.04 मीटर दूर अपना भाला फेका। लेकिन अब भी वो अपने बेस्ट के करीब नहीं थे। इसके बाद चौथा थ्रो भी नीरज का फाउल ही रहा। लेकिन नीरज ने हार नहीं मानी। उन्होंने कोशिश जारी रखी। फिर उन्होंने 5वें प्रयास में 87.66 मीटर भाला फेंका और इसी स्कोर ने उन्हें गोल्ड मेडल दिला दिया। दूसरे नंबर पर रहे जर्मनी के जूलियन वेबर ने 87.03 मीटर का थ्रो कर सिल्वर मेडल जीता। चेक रिपब्लिक के जैकुब वादलेज तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 86.13 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।

एक माह बाद उतरे नीरज
25 वर्षीय नीरज ने पांच मई को दोहा डायमंड लीग में 88.67 मीटर भाला फेंककर गोल्ड जीता था। उसके बाद वो चोटिल हो गए थे। उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गई थी। जिसके चलते उन्हें चार जून को हुए फैनी ब्लैंकर्स कोएन गेम्स और 13 जून को हुए पावो नूरमी गेम्स से नाम वापस लेना पड़ा। 29 मई को उन्होंने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। अब पूरे एक माह बाद वह फिर कंपटीशन में उतरे थे।  हालांकि इस दौरान उन्होंने किसी डायमंड लीग में खेलने का मौका नहीं खोया। लीग के रबत, रोम, पेरिस और ओस्लो चरण में जेवेलिन थ्रो शामिल नहीं है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N