द फॉलोअप डेस्क
भारत और वेस्टिंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला शुरू हो गई है। मैच मैच वेस्टिंडीज के डोमिनिका के विंडसर पार्क मैदान में खेला जा रहा है। मैच में भारत ने पहली पारी में 162 रनों की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेला खत्म होने तक 312 रन बना लिए थे। भारत की ओर से अभी युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली मैदान में डटें हैं। वहीं भारत ने दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों ने शानदार शतकीय पारी खेली है। दोनों ने कई रिकॉड्स अपने नाम कर लिए हैं। तो चलिए आज आपको इन दोनों की पहली पारी में बनाए रिकॉड्स बताते हैं।

रोहित-जायसवाल के बीच 229 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप
वेस्टिंडीज के खिलाफ पहली पारी में भारत के कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के बीच शानदार 229 रनों की साझेदारी हुई। दोनों ने वेस्टिंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड संजय बांगर और वीरेंद्र सहवाग के नाम था। दोनों ने 2002 में मुंबई के वानखेड़े मैदान पर 201 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी।
छठी बार दोनों भारतीय ओपनिंग बल्लेबाजों ने एक ही पारी में लगाया शतक
भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में छठी बार ऐसा हुआ जब दोनों ओपनिंग बल्लेबाज शतक लगाने में कामयाब हो सके हैं। इससे पहले आखिरी बार यह कारनामा भारत के लिए मुरली विजय और शिखर धवन की जोड़ी ने बांग्लादेश के खिलाफ फातुल्लाह टेस्ट मैच के दौरान किया था।

डेब्यू टेस्ट में शतक जमाने वाले 17वें भारतीय बैटर बने जायसवाल
वेस्टइंडीज के खिलाफ यशस्वी जायसवाल ने डेब्यू किया। शतक भी जमाया। वे ऐसा करने वाले 17वें भारतीय बल्लेबाज बने। भारत के लिए 1933 में सबसे पहले लाला अमरनाथ ने डेब्यू टेस्ट में शतक लगाया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 118 रन की पारी खेली थी। मौजूदा टीम में रोहित शर्मा भी डेब्यू टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही शतक लगा चुके हैं। उन्होंने 2013 में ऐसा किया था।
सेंचुरी लगाने वाले चौथे भारतीय कप्तान बने रोहित शर्मा
रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंचुरी जमाने वाले चौथे भारतीय कप्तान बने। उनसे पहले विराट कोहली ने बतौर कप्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंचुरी जमाई थी। 1983 में कपिल देव ने सबसे पहले यह कारनामा किया था।

रोहित शर्मा के 3,500 टेस्ट रन पूरे
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टेस्ट करियर में 3,500 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 51 मुकाबलों की 86 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की।
यशस्वी ने गांगुली का 27 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा
यशस्वी विदेश में डेब्यू टेस्ट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय बैटर भी बने। उन्होंने 143 रन की नॉट आउट पारी खेलकर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का 27 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। गांगुली ने 1996 में डेब्यू टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड में 131 रन बनाए थे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N