द फॉलोअप डेस्क:
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ओपनर बैटर शुभमन गिल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। डेंगू से पीड़ित शुभमन गिल को प्लेटलेट्स गिरने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन, अब यह जानकारी मिली है कि उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। हालांकि, अब भी बड़ा सवाल यही है कि क्या शुभमन गिल 11 अक्टूबर यानी कल, दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में शिरकत करेंगे। बीसीसीआई ने फिलहाल गिल के अगले मैच में उपलब्धता पर कोई जानकारी नहीं दी है।
इस वर्ष शानदार फॉर्म में हैं गिल
शुभमन गिल इस वर्ष शानदार फॉर्म में हैं। हाल ही में एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 2 शतक लगाए हैं। कई मैच जिताऊ पारियां खेली हैं। शानदार औसत और लगातार रन बनाने की वजह से शुभमन फिलहाल ओडीआई रैंकिंग में शीर्ष पर हैं। ऐसे में वर्ल्ड कप के बड़े मुकाबलों में टीम को उनकी जरूरत होगी। टीम इंडिया को 11 अक्टूबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप का दूसरा मैच खेलना है। इसके बाद 14 अक्टूबर को टीम इंडिया अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से भिड़ेगी। यह बड़े मैच हैं।
बीसीसीआई की मेडिकल टीम कर रही मॉनिटरिंग
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक बीसीसीआई की मेडिकल टीम शुभमन गिल के हेल्थ की मॉनिटरिंग कर रही है। वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। हालांकि, वह मैच के लिए कब तक फिट हो पाएंगे यह अभी स्पष्ट नहीं है। कप्तान रोहित शर्मा ने भी कहा कि पहले उनका ठीक होना जरूरी है।