logo

शुभमन गिल की उंगली में लगी चोट, श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को झटका 

ुगतत.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में चोट लग गई है। चोट के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। सावधानी के तौर पर गिल शुक्रवार को SLC XI के खिलाफ होने वाले तीन दिवसीय वार्म-अप मैच के पहले दिन नहीं खेल रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे हैं। BCCI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गिल को गुरुवार को भारत के प्रैक्टिस सेशन के दौरान दाहिने हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी।


15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
SLC XI ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में होगा। हालांकि, सीरीज से पहले भारत चोटों की समस्या से जूझ रहा है। जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण सीरीज से बाहर हैं। उनकी जगह अकीब नबी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी भी चोट के कारण बाहर हैं। वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते पहले टेस्ट में उपलब्ध नहीं होंगे, जबकि आकाश दीप पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन से उबर रहे हैं।


WTC 2025-27 का हिस्सा है सीरीज
श्रीलंका के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत फिलहाल WTC स्टैंडिंग में पांचवें स्थान पर है। भारत ने नौ मैचों में चार जीत और चार हार दर्ज की हैं। सीरीज में गिल की उपलब्धता भारतीय टीम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम में शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और औकिब नबी शामिल हैं।

Tags - Shubman Gill India Cricket Sri Lanka Test BCCI Test Cricket