डेस्क:
पाकिस्तान (Pakistan) को पछाड़ते हुए टीम इंडिया (Team India) आईसीसी वनडे रैकिंग (ICC ODI Ranking) में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। टीम इंडिया को मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में 10 विकेट से मिली बड़ी जीत का फायदा मिला। इससे पहले टीम इंडिया 105 अंकों के साथ चौथे स्थान पर थी वहीं पाकिस्तान 106 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर था। इंग्लैंड के खिलाफ मिली बड़ी जीत से टीम इंडिया के 108 अंक हो गये हैं और उसे रैंकिंग में 1 पायदान की छलांग लगाई है।
आईसीसी वनडे रैंकिंग में 126 अंकों के साथ न्यूजीलैंड (New Zealand) पहले स्थान पर है वहीं इंग्लैंड 122 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।
ICC ODI Team Rankings: India overtakes Pakistan, climbs to third spot following win over England
— ANI Digital (@ani_digital) July 13, 2022
Read @ANI Story | https://t.co/e4rmw5buhI#INDvsENG #Cricket #TeamIndia #ICCODIRankings pic.twitter.com/sa2vvO5Pcv
जसप्रीत बुमराह और शमी की घातक गेंदबाजी
गौरतलब है कि इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) की घातक गेंदबाजी की बदौलत पहले तो मेजबान इंग्लैंड को महज 110 रन पर समेट दिया।
जसप्रीत बुमराह ने महज 19 रन देकर 6 विकेट हासिल किए वहीं मोहम्मद शमी ने 31 रन खर्च करते हुए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। युवा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 1 अहम विकेट हासिल किया। जसप्रीत बुमराह ने वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 19 साल पहले आशीष नेहरा ने 23 रन देकर इंग्लैंड के 6 बल्लेबाजों को आउट किया था।

मेजबान इंग्लैंड को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी
इस मुकाबले में टीम इंडिया ने मेजबान इंग्लैंड को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। कप्तान रोहित शर्मा ने 58 गेंदों में 7 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 76 रनों की नाबाद पारी खेली वहीं शिखर धवन ने 31 रन बनाये।टीम इंडिया ने 31 ओवर शेष रहते ये मुकाबला जीत लिया।
दिलचस्प है कि कप्तान बनने के बाद से रोहित शर्मा ने 1 भी एकदिवसीय मुकाबला नहीं गंवाया है। टीम इंडिया को अभी 2 और मुकाबले खेलने हैं। टीम इंडिया यदि पहले मैच वाला ही प्रदर्शन जारी रखती है तो ओडीई रैंकिंग में सुधार कर सकती है।

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीतने से फायदा मिलेगा
गौरतलब है कि बीते महीने वेस्टइंडीज (West Indies) को क्लीन स्वीप करने और ऑस्ट्रेलिया (Australia) के श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में नाकाम रहने पर पाकिस्तान ने ओडीआई रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल किया था। हालांकि, पाकिस्तान इस पोजिशन पर कम वक्त के लिए रह सका क्योंकि टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।
टीम इंडिया के पास अपनी रैंकिंग सुधारने का मौका है लेकिन यदि वो इंग्लैंड के खिलाफ बाकी बचे 2 मुकाबले गंवाती है तो चौथे स्थान पर फिसल सकती है।
हालांकि, भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों की शानदार फॉर्म को देखते हुए ये असंभव ही लगता है।