द फॉलोअप डेस्क
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का रोमांच शनिवार, 22 मार्च से कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। इस बार IPL में 10 टीमें भाग ले रही हैं, जो 65 दिनों में कुल 74 मैच खेलेंगी। आईपीएल के हर सीजन में खिलाड़ी कई रेकॉर्ड्स अपने नाम कायम करते हैं। तो आइए, जानते हैं IPL के इतिहास के 5 सबसे बड़े और अटूट रिकॉर्ड्स के बारे में
1. विराट कोहली का एक सीजन में सबसे ज्यादा रन (973 रन)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने IPL 2016 में ऐसा कारनामा किया था जिसे आज तक कोई नहीं दोहरा सका है। कोहली ने उस सीजन में 4 शतक और 7 अर्धशतक की मदद से कुल 973 रन बनाए थे। यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है।
2. कोहली-डिविलियर्स की सबसे बड़ी पार्टनरशिप (229 रन)
IPL इतिहास में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी RCB के नाम है। 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने मिलकर 229 रन की पार्टनरशिप की थी। दोनों ने इस मैच में शतक जमाए थे, कोहली ने 55 गेंदों में 109 रन बनाए, जबकि डिविलियर्स ने 52 गेंदों में 129 रन की विस्फोटक पारी खेली। यह रिकॉर्ड अब तक कोई और जोड़ी नहीं तोड़ पाई है।
3. क्रिस गेल की सबसे तेज सेंचुरी (30 गेंदों में शतक) IPL 2013 में क्रिस गेल ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ मात्र 30 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया था। यह न केवल IPL बल्कि टी20 क्रिकेट में भी सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड है। उस पारी में गेल ने कुल 175 रन बनाए थे, जिसमें 13 चौके और 17 छक्के शामिल थे।
4. यशस्वी जायसवाल की सबसे तेज फिफ्टी (13 गेंदों में अर्धशतक)
IPL 2023 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ केवल 13 गेंदों में अर्धशतक जड़कर नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम था, जिन्होंने 14 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। यशस्वी ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास रचा।
5. एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के – 17 (क्रिस गेल)
क्रिस गेल का नाम एक और रिकॉर्ड में दर्ज है। IPL 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ गेल ने एक पारी में 17 छक्के जड़कर IPL इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
क्या IPL 2025 में टूटेंगे ये रिकॉर्ड?
IPL 2025 में कई युवा सितारे और दिग्गज खिलाड़ी अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या इस सीजन में विराट कोहली, क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स और यशस्वी जायसवाल के बनाए ये रिकॉर्ड टूटते हैं या फिर ये ऐतिहासिक आंकड़े अटूट बने रहेंगे।