द फॉलोअप डेस्क
बिहार में इस साल होली के आसपास खेल की 2 बड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन होने जा रहा है। नवंबर में एशिया महिला हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करने के बाद, अब राजगीर और पटना में 2 विश्व कप टूर्नामेंट आयोजित होंगे। मिली जानकारी के अनुसार, राजगीर में महिला कबड्डी विश्व चैंपियनशिप और पटना में सेपक टकरा का वर्ल्ड कप खेला जाएगा।
राजगीर में होगा कबड्डी विश्व कप का आयोजन
राज्य सरकार ने इन दोनों आयोजनों के लिए कुल 21 करोड़ रुपये के खर्च को मंजूरी दे दी है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिली। राज्य के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव, डॉ एस सिद्धार्थ ने एक प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी कि महिला कबड्डी विश्व कप के आयोजन के लिए करीब 8 करोड़ 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह टूर्नामेंट 7 से 12 मार्च 2025 तक राजगीर के बिहार राज्य खेल अकादमी में आयोजित किया जाएगा। बताया गया कि इस प्रतियोगिता में कुल 15 देशों की टीमें भाग लेंगी। इनमें भारत, पोलैंड, रोमानिया, केन्या, युगांडा, अर्जेंटीन, ईरान, चाईनीज ताईपे, नेपाल, जापान, कोरिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया और बांग्लादेश की टीम शामिल हैं।
16 मार्च से होगा सेपक टकरा वर्ल्ड कप शुरू
इसके साथ ही महिला कबड्डी के समापन के बाद 14 मार्च को होली है। फिर 16 मार्च से पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में सेपक टकरा वर्ल्ड कप का आयोजन शुरू होगा, जो 26 मार्च तक चलेगा। इसमें 16 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी।
मालूम हो कि राज्य में हाल के समय में खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसे लेकर नीतीश सरकार ने पटना में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की वापसी की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। इसी कड़ी में मोइनुल हक स्टेडियम को नवीनीकरण की योजना के तहत संवारने का काम भी चल रहा है।