जमशेदपुर:
Jamsedpur News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित दुर्गा पूजा (Durga Puja) मैदान में लगे मेले (Fairs) में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मौत के कुएं (Well of Death) में करतब दिखाने के दौरान एक बाइक में आग लग गयी। बताया जा रहा है कि मेले में अंतिम शो के दौरान बाइक चला रही युवती की मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों से घिर गयी। घटना में युवती के झुलसने की सूचना है। आग की लपटों से घिरी बाइक से गिरने के दौरान मोटरसाइकिल चला रही युवती के सिर के बालों में आग लग गयी। जिसके बाद मौके पर मौजूद अन्य कलाकारों (Artists) ने आग पर काबू पाया। इसके बाद युवती को इलाज के लिए अस्पताल (Hospital) भेजा गया।

बाइक में आग लगते ही मची अफरा-तफरी
दूसरी ओर, हादसे के दौरान मौत के कुएं का रोमांच देख रहे दर्शकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह मौत के कुएं में करतब दिखाती बाइक में अचानक आग लगती है और फिर मोटरसाइकिल चला रही युवती आग की चपेट में आ जाती है।
.jpeg)
अंतिम शो के दौरान हुआ हादसा, तकनीकी खराबी की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात मौत के कुएं में बाइक से करतब दिखाया जा रहा था। बड़ी संख्या में दर्शक इस खतरनाक प्रदर्शन को देखने के लिए मौजूद थे। इसी दौरान बाइक में अचानक आग लग गयी। आग की लपटें उठते ही दर्शक अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर हटने लगे। बताया जा रहा है कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, बाइक बुरी तरह जल गयी। प्रारंभिक तौर पर बाइक में आयी तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जतायी जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
.jpeg)
रोमांच के नाम पर जोखिम, सुरक्षा इंतजामों की जांच जरूरी
मौत का कुआं मेले का ऐसा आकर्षण है, जहां कलाकार तेज रफ्तार में खड़ी दीवारनुमा संरचना पर बाइक चलाकर दर्शकों का मनोरंजन करते हैं। दर्शकों की नजरें करतब पर टिकी रहती हैं, लेकिन इस रोमांच के पीछे कलाकारों की जान का जोखिम भी छिपा होता है। बाइक में आग लगने की इस घटना ने एक बार फिर ऐसे प्रदर्शनों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
.jpeg)
कलाकारों के साथ दर्शकों की सुरक्षा भी बड़ा सवाल
मौत के कुएं में बाइक और अन्य वाहनों से करतब दिखाने के दौरान संतुलन बिगड़ने, वाहन में तकनीकी खराबी आने या आग लगने जैसी घटनाएं कलाकारों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या शो शुरू होने से पहले बाइक और अन्य उपकरणों की तकनीकी जांच की जाती है? आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात रहते हैं? साथ ही, क्या दर्शकों और प्रदर्शन के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी रखी जाती है?
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बर्मामाइंस मेले की इस घटना के बाद इन सवालों पर ध्यान देना जरूरी है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और बाइक में आग किस वजह से लगी। जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। लेकिन यह घटना याद दिलाती है कि मेले में मनोरंजन के नाम पर होने वाले ऐसे जोखिम भरे प्रदर्शनों में कलाकारों और दर्शकों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।