द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गया जिले से एक बड़ी खबर आई है। जहां गयाजी में जीतनराम मांझी की पार्टी 'हम' के पोस्टर और बैनर लगे वाहन से शराब की बड़ी खेप बरामद की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक वाहन से करीब 17 पेटी विदेशी शराब मिली है। प्रचार वाहन इमामगंज की हम प्रत्याशी और जीतनराम मांझी की बहू दीपा मांझी का बताया जा रहा है। .jpeg)
बताया जा रहा है कि गुरारू स्टेशन के समीप ग्रामीणों ने एक प्रचार वाहन को पकड़ा। जो कि हम पार्टी का प्रचार वाहन बताया जा रहा है। शराब लदे इस वाहन को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने इसका लाइव वीडियो बनाया और मामले की सूचना गुरारू थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गुरारू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शराब लदे वाहन को जब्त कर लिया। 
जिस युवक ने लाइव वीडियो बनाया है, उसके द्वारा कहा जा रहा है कि चुनाव में यह सब हो रहा है। पोस्टर बैनर में दीपा मांझी का बड़ा चित्र है और इमामगंज विधानसभा लिखा हुआ है।
पकड़े गए वाहन का नंबर BR 02 M 4716 बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने वाहन मालिक पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं पुलिस ने मामले को लेकर कहा है कि जांच में यदि अन्य किसी या प्रत्याशी की भी संलिप्तता पाई जाती है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।.jpg)
वहीं गुरारू थानाध्यक्ष अमरजीत चौधरी ने बताया कि ''17 पेटी विदेशी शराब की बरामदगी की गई है। पुलिस मामले की कार्रवाई में जुट गई है। केस दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई हो रही है। जल्द ही इस मामले में संलिप्त सभी लोगों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।''