द फॉलोअप डेस्क:
11 साल में शराबबंदी (Liquor Ban) कानून के तहत मुंगेर (Munger) में बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई है। जिले में उत्पाद विभाग, जिला पुलिस और रेल पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 4.77 लाख लीटर से अधिक देशी और विदेशी शराब जब्त की है। वहीं, शराब के अवैध कारोबार और सेवन के मामलों में 27 हजार से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 1 अप्रैल 2016 से 25 अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

उत्पाद विभाग और पुलिस ने की लाखों लीटर शराब जब्त
कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार, उत्पाद विभाग ने 11 वर्षों में 1,01,676 छापेमारी कर 12,175 मामले दर्ज किए। इस दौरान 2,24,605.19 लीटर देशी और 22,190.74 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। वहीं, 12,575 लोगों को गिरफ्तार किया गया। दूसरी ओर, मुंगेर पुलिस ने 1,44,126 छापेमारी कर 11,730 प्राथमिकी दर्ज कीं और 2,22,134.060 लीटर शराब बरामद की। पुलिस की कार्रवाई में 14,537 लोगों की गिरफ्तारी हुई। इसके अलावा रेल पुलिस ने 8,184.697 लीटर शराब जब्त की।

जब्त शराब का 99.60 प्रतिशत हिस्सा किया गया नष्ट
शराब जब्ती के साथ ही उसके विनष्टीकरण की कार्रवाई भी तेजी से की गई है। 29 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, जब्त शराब का 99.60 प्रतिशत हिस्सा नष्ट किया जा चुका है। पुलिस ने जब्त 2,16,675.810 लीटर शराब में से 2,15,562.720 लीटर नष्ट कर दी है। वहीं, उत्पाद विभाग ने 2,51,953.72 लीटर में से 2,51,196.020 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया है। रेल पुलिस की ओर से जब्त पूरी शराब नष्ट की जा चुकी है। सहायक आयुक्त मद्य निषेध विकेश कुमार ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है। अवैध निर्माण, तस्करी, भंडारण और खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी छापेमारी और गिरफ्तारी का अभियान जारी रहेगा।