द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच पूर्व विधायक और मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को एमपी एमएलए कोर्ट में पेशी के बाद 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 30 अक्टूबर को जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। इस आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। और आज कोर्ट बंद होने के बावजूद जज के आवास पर उनकी पेशी के बाद उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 
आपको बता दें कि बीती रात अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। यह घटना मोकामा में बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान हुई थी, जहाँ उनके और विरोधी उम्मीदवार के समर्थकों के बीच झड़प और पत्थरबाजी हुई थी। इस हिंसक झड़प के दौरान, जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव को कथित तौर पर गोली मार दी गई और फिर उन्हें एक वाहन से कुचल दिया गया, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच, चश्मदीदों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अनंत सिंह को इस हत्या का मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार किया, साथ ही आचार संहिता उल्लंघन के भी मामले दर्ज किए गए थे।