द फॉलोअप डेस्क
नालंदा जिले से करंट लगने की एक बड़ी खबर आ रही है, जहां खेत में सिंचाई कर रहे एक किसान दंपती की बिजली के कटे तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 40 वर्षीय चिट्टू बिंद और उनकी 38 वर्षीय पत्नी बबीता देवी शामिल हैं। मृतक रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहद्दीनपुर गांव के पहियार खंधा निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, चिट्टू बिंद अपनी पत्नी बबीता देवी के साथ इलेक्ट्रिक मोटर से खेत में पानी चला रहे थे। इसी क्रम में पाइप में लीकेज हो गया और जब चिट्टू पानी बंद करने पहुंचे तो उनका पैर पास में लटके कटे हाई-वोल्टेज तार से छू गया और करंट की चपेट में आ गए। पति को तड़पता देख बबीता देवी उन्हें बचाने दौड़ीं, लेकिन वे भी करंट लगने से मौके पर ही गिर गई।
आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों ने दोनों को जब गिरा देखा तो शोर मचाया और तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ललित विजय ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया।.jpeg)
बता दें कि मृतक दंपती के पांच बेटियां और एक बेटा है। सबसे बड़ी बेटी 18 वर्ष और सबसे छोटा बेटा मात्र 4 वर्ष का है, जो की अब पूरी तरह अनाथ हो चुके हैं। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।
लोगों ने बताया कि यह हादसा बिजली के तार में कट रहने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ है। प्रशासन से मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग की गई है।