द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच एक बड़ी खबर आ रही है, जहां गया के टिकारी विधानसभा क्षेत्र से HAM पार्टी के उम्मीदवार अनिल कुमार के काफिले पर दिघौरा गांव में जानलेवा हमला हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने खुलेआम गोलीबारी और पत्थरबाजी की है, जिससे इलाके में दहशत फ़ैल गया है। 
बताया जा रहा है कि इस हिंसक झड़प में प्रत्याशी अनिल कुमार को गंभीर चोटें भी आई है। उन पर पत्थर के हमले से सिर पर चोट लगी है। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
दरअसल यह घटना तब हुई जब अनिल कुमार दिघौरा गांव में सघन जनसंपर्क अभियान कर रहे थे। हम प्रत्याशी के प्रतिनिधि संजय कुमार ने जानकरी दी कि रोड़ेबाजी के साथ-साथ गोलीबारी की भी घटना हुई है। वहीं इस काफिले में शामिल लोगों को बंधक बनाने की भी कोशिश की गई है। जिसके बाद से समर्थकों और आसपास के लोगों में नाराजगी दिख रही है। कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।.jpeg)
सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। एसडीपीओ ने जानकारी दी कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना टिकारी प्रखंड के दिघौरा गांव में हुई है।
आपको मालूम हो कि गया जिले की टिकारी विधानसभा क्षेत्र से हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रत्याशी अनिल कुमार सिंह कई बार विधायक रह चुके हैं। 65 वर्षीय अनिल कुमार फरवरी 2005 में लोजपा और अक्टूबर 2005 में जदयू से कोंच विधानसभा सीट से विधायक बने थे, जबकि 2010 में टिकारी से जदयू के सिंबल पर चुनाव जीते थे। वहीं, 2015 और 2020 में हम के सिंबल पर इसी सीट से विधायक बने हैं। और अब एक बार फिर उन्हें मौका दिया गया है।