द फॉलोअप डेस्क
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ससुरालवालों पर दहेज के रूप में किडनी मांगने और विरेध करने पर घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
महिला मिठानपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि उसकी शादी साल 2021 में बोचहां थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक से हुई थी। शुरू में सब कुछ ठीक था, लेकिन कुछ महीनों बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदलने लगा। महिला का कहना है कि पति और उसके परिवार वाले उस पर मायके से पैसे और बाइक लाने का दबाव डालने लगे। जब उसने इनकार किया, तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। शादी के 2 साल बाद महिला को पता चला कि उसके पति की एक किडनी खराब है।
इसके बाद ससुराल वालों ने उससे कहा कि अगर वह दहेज नहीं ला सकती तो अपनी एक किडनी अपने पति को दे दे। शुरू में बात मजाक में कही गयी, लेकिन धीरे-धीरे उस पर दबाव बढ़ता गया। जब महिला ने साफ इनकार कर दिया तो उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में पति समेत 4 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। महिला थाना में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।