logo

जन सुराज की पदयात्रा ने नेताओं को सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया- प्रशांत किशोर 

PK0123.jpg

समस्तीपुर
जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को समस्तीपुर के बिथान प्रखंड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद विधायक तेजप्रताप यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर तीखी टिप्पणियां कीं। अपनी "बिहार बदलाव यात्रा" के दौरान किशोर ने इन नेताओं के राजनीतिक रवैये और मौजूदा हालात को लेकर सवाल उठाए।
राहुल गांधी द्वारा बिहार से शुरू की गई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर टिप्पणी करते हुए किशोर ने कहा, "यह अच्छा है कि जन सुराज की पदयात्रा ने नेताओं को सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया है। यह जन सुराज का ही असर है कि अब सभी नेता जनता के बीच जा रहे हैं।" उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले नेता लालू या मोदी के डर से वोट मांगते थे, अब जन सुराज के डर से योजनाएं बदली जा रही हैं पेंशन और मानदेय बढ़ाया जा रहा है, बिजली 125 यूनिट तक मुफ्त की जा रही है।


तेज प्रताप यादव के 'गढ़' पर प्रतिक्रिया
राजद नेता तेज प्रताप यादव के निर्वाचन क्षेत्र हसनपुर को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा, “लोकतंत्र में किसी का कोई गढ़ नहीं होता, न तेजप्रताप का, न मेरा। गढ़ सिर्फ जनता का होता है। जिसे जनता पसंद करेगी, वही वहां का प्रतिनिधि बनेगा। यह रजवाड़ा नहीं है।”
दिलीप जायसवाल पर निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को लेकर भी किशोर ने हमला बोला। उन्होंने कहा, “दिलीप जायसवाल जैसे दस नेता भी मेरे खिलाफ खुलकर बोलने की हिम्मत नहीं रखते। उन्हें डर है कि जन सुराज की सरकार बनी तो भ्रष्टाचारियों से हर एक पैसा वसूला जाएगा।" प्रशांत किशोर की इस यात्रा और उनके बयानों से राज्य का सियासी माहौल गर्म हो गया है। जहां एक ओर वे जन सरोकारों की बात कर रहे हैं, वहीं प्रमुख दलों और नेताओं पर निशाना साधते हुए बिहार की राजनीति में एक वैकल्पिक शक्ति के रूप में खुद को पेश कर रहे हैं।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update