द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने आज अपना 78वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। लालू यादव के जन्मदिन पर उनके चाहने वालों में खासा उत्साह देखने को मिला। पटना स्थित राबड़ी आवास पर सुबह से ही बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। समर्थक ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे और नारेबाजी कर जन्मदिन की शुभकामानाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने लालू यादव को शुभकामनाएं दीं।
लालू यादव के जन्मदिन पर खास अंदाज में जश्न मनाया गया। राबड़ी आवास पर 78 पाउंड का केक काटा गया। इस मौके पर उनकी बेटी मीसा भारती समेत पूरा परिवार मौजूद था। नाती-नातिनों के साथ लालू यादव ने अलग-अलग केक काटे और सभी का धन्यवाद किया। बता दें कि लालू यादव का जन्म 11 जून 1948 को बिहार के गोपालगंज जिले के फुलवरिया गांव में एक गरीब ग्वाला परिवार में हुआ था। लेकिन अब वे बिहार के एक जाने-माने चेहरा बन गए हैं।
इस बार राजद ने लालू यादव के जन्मदिन को “सामाजिक न्याय और सद्भावना दिवस” के रूप में मनाने का फैसला किया है। पार्टी का मानना है कि यह दिन सामाजिक एकता का संदेश देने का सही मौका है, साथ ही आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का भी मंच बना है।