द फॉलोअप डेस्क
जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि पार्टी सदस्यों ने उन्हें संगठन के अन्य उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा है, जिसके कारण उन्होंने यह फैसला लिया है।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने अपने चुनाव न लड़ने के फैसले की घोषणा की। उन्होंने कहा, "पार्टी के सदस्यों ने फैसला किया है कि मुझे पार्टी के अन्य उम्मीदवारों की जीत के लिए काम करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, इसलिए मैं चुनाव नहीं लड़ रहा हूं।" इस घोषणा से यह स्पष्ट हो गया है कि वह खुद चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे, बल्कि 'जन सुराज' द्वारा उतारे गए उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। और अपनी पार्टी को मजबूती देंगे। .jpeg)
वहीं इस दौरान प्रशांत किशोर ने भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया है कि जिस सीट से सम्राट चौधरी लड़ रहे हैं, उसके खिलाफ जन सुराज के समर्थन में एक मजबूत उम्मीदवार चुनाव लड़ रहा है, जो सम्राट चौधरी की हार सुनिश्चित करेगा।
सीट बंटवारे को लेकर NDA और महागठबंधन दोनों पर प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए बिहार की राजनीति की मौजूदा स्थिति पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन सिर्फ सत्ता और लूट के लिए संघर्ष करने में लगे हुए हैं। प्रशांत किशोर ने कहा, "बिहार की जनता जानती है कि हर व्यक्ति अपनी लूट के हिस्से के लिए लड़ रहा है। जितनी ज़्यादा सीटें उन्हें मिलेंगी, उतना ही उन्हें बिहार को लूटने का मौका मिलेगा। एनडीए और महागठबंधन में भी यही हाल है।"
प्रशांत किशोर का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में दोनों प्रमुख गठबंधन (NDA और महागठबंधन) में सीट बंटवारे को लेकर आंतरिक विवाद देखने को मिल रहे हैं।