पटना
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में एक और नया गठबंधन उभरकर सामने आया है। आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव और प्रदीप निषाद की नवगठित पार्टी विकास वंचित इंसान पार्टी (वीवीआईपी) ने मिलकर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया है। इस नए राजनीतिक मोर्चे की घोषणा पटना के मौर्या होटल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेज प्रताप यादव ने की।
तेज प्रताप ने कहा, “हमने महुआ सीट से चुनाव लड़ने का बिगुल फूंक दिया है। अब हम मिलकर लड़ेंगे और अपनी राजनीतिक लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। बहुतों को यह बात चुभेगी, लेकिन हम आगे बढ़ते रहेंगे।” उन्होंने अन्य विपक्षी दलों जैसे आरजेडी और कांग्रेस को भी इस गठबंधन से जुड़ने का निमंत्रण दिया। इसी दौरान उन्होंने महागठबंधन में शामिल मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी को "बहुरूपिया" करार दिया।

गौरतलब है कि तेज प्रताप पहले ही वैशाली जिले की महुआ सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके भाई तेजस्वी यादव महुआ सीट से चुनाव नहीं लड़ेंगे। तेज प्रताप ने कहा, “हम तेजस्वी को हमेशा आशीर्वाद देते हैं, और चाहते हैं कि वह आगे बढ़ें।”
वहीं, विकास वंचित इंसान पार्टी (वीवीआईपी) के संस्थापक प्रदीप निषाद को ‘हेलीकॉप्टर बाबा’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने 28 जून को अपनी नई पार्टी का ऐलान किया था। एक समय में वे वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के करीबी माने जाते थे, लेकिन 2021 में उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले मतभेद के चलते उन्होंने वीआईपी छोड़ दी थी। प्रदीप का आरोप था कि उन्हें पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिल रहा था। अब वे तेज प्रताप की टीम के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं। यह नया गठबंधन बिहार की सियासत में क्या नया मोड़ लाएगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
