द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बेगूसराय में तालाब में नहाने गई दो बच्चियों की डूबने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दोनों लड़कियां दादा के लिए खाना लेकर गई थीं और लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। घटना चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरबासा पंचायत स्थित लगरी चोर की बताई जा रही है।
मृतका की पहचान जीवस पासवान की 15 वर्षीय बेटी ममता कुमारी और नेवल पसवान की 13 साल की बेटी आंचल कुमारी के रूप में हुई है। दोनों सकरवासा पंचायत के वार्ड नंबर 3 की थीं। दोनों किशोरियां दादाजी को खाना देकर घर लौट रही थीं और रास्ते में स्नान करने लगीं। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में डूब गईं।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी घरवालों को दी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों की भीड़ जमा हो गई और शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। दोनों किशोरियों की मौत की घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया है।