द फॉलोअप डेस्क
बिहार के नरकटियागंज से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गए 4 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना नरकटियागंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 के पास गोपाला ब्रह्म स्थान के नजदीक हरबोड़ा नदी की है। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के वक्त करीब 10 से 11 बच्चे नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान 4 बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ गए अन्य बच्चों ने शोर मचाया और गांववालों को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने मिलकर बच्चों की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में चारों बच्चों को नदी से बाहर निकाल लिए गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डूबने वाले बच्चों की पहचान दिलशाद आलम, आरिफ, रिजवान और इरशाद के रूप में हुई है। सभी बच्चे एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। सीओ सुधांशु शेखर ने बताया, “गोताखोरों की मदद से बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सभी शव बरामद किए हैं।”
